अबोहर के अजय कुमार हत्याकांड को लेकर पंजाब की राजनीति में मामला गरमा गया है। भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने मृतक के परिवार के साथ पंजाब विधानसभा के बाहर पहुंचकर इंसाफ की मांग उठाई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मृतक के मृत्यु पूर्व बयानों के आधार पर कथित तौर पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
अजय कुमार की मां और परिवार के सदस्य इंसाफ की मांग को लेकर विधानसभा के बाहर धरने पर बैठे थे। परिवार के अनुसार, अजय पर 27 सितंबर को अबोहर के संत नगर में गोलीबारी हुई थी। गंभीर रूप से घायल अजय ने इलाज के दौरान 19 अक्टूबर को दम तोड़ दिया।
परिवार ने आरोप लगाया कि मामले में अब तक उचित कार्रवाई नहीं हुई है और पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया है। उन्होंने 2015 के भीम हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि अजय के भाई की गवाही के आधार पर शिव लाल डोडा और उनके भतीजे को सजा हुई थी। परिवार ने शिव लाल डोडा के हाल में जमानत पर बाहर आने के बाद अजय की हत्या होने पर सवाल उठाए हैं।
जाखड़ ने मामले में गहरी साजिश की आशंका जताते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि अजय के मृत्यु पूर्व बयानों को जांच का आधार बनाया जाए और हत्या में शामिल पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने संबंधित व्यक्ति को सरकारी सुरक्षा उपलब्ध कराने के आधार की भी जांच करने की मांग की।
इस दौरान जाखड़ ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि परिवार की आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए वह उनके साथ खड़े रहेंगे।