हरियाणा भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने सोमवार को हरियाणा सचिवालय में हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन पद का कार्यभार संभालi लिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुआई में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने औपचारिक रूप से अपना पदभार संभाला।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। वहीं, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद मोहनलाल बड़ौली ने मुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक उपक्रमों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनहितकारी बनाने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता से कार्य किया जाएगा।
समारोह के दौरान उपस्थित नेताओं ने मोहनलाल बड़ौली को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके अनुभव का लाभ प्रदेश के सार्वजनिक उपक्रमों के बेहतर संचालन और विकास में मिलेगा।
हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो राज्य के सार्वजनिक उपक्रमों की कार्यप्रणाली की निगरानी, प्रदर्शन मूल्यांकन तथा प्रशासनिक सुधारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर कार्य करता है। ऐसे में मोहनलाल बड़ौली की नियुक्ति को सरकार की प्रशासनिक और संगठनात्मक दृष्टि से अहम जिम्मेदारी माना जा रहा है।