एलएडीसी नीति के विरोध में वकीलों का आंदोलन निर्णायक मोड़ पर, 21वें दिन 88 अधिवक्ता सामूहिक भूख हड़ताल पर बैठे
Jul27,2026
| Vishal | Ludhiana
'नो वर्क' से जिला न्यायालय का कामकाज प्रभावित, लॉ कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी आंदोलन को दिया समर्थन
लुधियाना, 27 जुलाई (विशाल).
एलएडीसी (लीगल एड डिफेंस काउंसिल) नीति के विरोध में पंजाब भर के अधिवक्ताओं का आंदोलन निर्णायक दौर में पहुंच गया है। लगातार 21वें दिन भी 'नो वर्क' पूरी तरह प्रभावी रहा। जिला बार एसोसिएशन, लुधियाना के आह्वान पर सोमवार को जिला न्यायालय परिसर में 88 अधिवक्ता सामूहिक शांतिपूर्ण भूख हड़ताल पर बैठे।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट विपन सगड़ और सचिव एडवोकेट हिमांशु वालिया ने कहा कि एलएडीसी नीति के खिलाफ अधिवक्ताओं का संघर्ष पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार की ओर से लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता और एलएडीसी नीति वापस नहीं ली जाती, तब तक 'नो वर्क' और आंदोलन जारी रहेगा।
भूख हड़ताल में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित 88 अधिवक्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान लुधियाना के विभिन्न लॉ कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भी आंदोलन में शामिल होकर अधिवक्ताओं के प्रति एकजुटता दिखाई। विद्यार्थियों ने कहा कि यह संघर्ष केवल वकीलों का नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था और भावी विधि व्यवसाय की स्वतंत्रता की रक्षा का आंदोलन है।
'नो वर्क' के चलते सोमवार को जिला न्यायालय परिसर में अदालती कामकाज बुरी तरह प्रभावित रहा। अधिकांश मामलों में केवल अगली तारीखें दी गईं, जबकि नियमित न्यायिक कार्य लगभग पूरी तरह ठप रहा। अधिवक्ताओं ने शांतिपूर्ण धरना और सामूहिक भूख हड़ताल जारी रखते हुए एलएडीसी नीति के विरोध में नारेबाजी की तथा सरकार से जल्द लिखित आश्वासन जारी करने की मांग दोहराई।बार एसोसिएशन ने कहा कि यह आंदोलन केवल अधिवक्ताओं के हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि कानूनी पेशे की स्वतंत्रता, न्याय व्यवस्था की गरिमा और आम नागरिकों की न्याय तक प्रभावी एवं सुलभ पहुंच की रक्षा का संघर्ष है। एसोसिएशन ने सभी बार एसोसिएशनों, सामाजिक संगठनों, न्यायप्रिय नागरिकों और आम जनता से इस शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन को नैतिक समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि सरकार से लिखित आश्वासन मिलने और एलएडीसी नीति वापस लिए जाने तक संघर्ष और 'नो वर्क' आंदोलन पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।
Ladc-Policy-Advocate-Protest-No-Work-Day-