राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़, 6 मई। हरियाणा में तीन नगर निगमों,एक नगर परिषद और तीन नगर पालिकाओं के चुनाव के लिए आगामी दस मई को मतदान होना है।इसी बीच बुधवार को कांग्रेस की ओर से पंचकूला नगर निगम चुनाव के लिए तैयार मतदाता सूचियों में आठ हजार से अधिक मतदाताओं की दोहरी प्रविष्टियों को प्रमाण सहित पत्रकारवार्ता में पेश किया।
यहां हरियाणा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित पत्रकारवार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस के महासचिव और राज्यसभा सदस्य रणदीप सुरजेवाला ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के साथ पंचकूला नगर निगम क्षेत्र की दो लाख से अधिक मतदाताओं की सूची में आठ हजार से अधिक मतदाताओं की दोहरी प्रविष्टियों का खुलासा सूचियों की प्रतिलिपियों के साथ किया।सुरजेवाला ने कहा कि यह सरासर वोट चोरी का मामला है।उन्होंने कहा कि इन दोहरी प्रविष्टियों को लेकर उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के साथ राज्य निर्वाचन आयुक्त से मिलकर मतदाता सूचियों के तुरंत शुद्धिकरण की मांग की है।निर्वाचन आयुक्त ने मामले में जांच का आश्वासन दिया है।
सुरजेवाला ने कहा कि हमने इन दोहरी प्रविष्टियों के मामले में जन प्रतिनिधित्व अधिनियम,भारतीय न्याय संहिता और नगरीय निकाय अधिनियम के तहत एफ आई आर दर्ज कराने की मांग की है।इस सवाल पर कि ऐसी दोहरी प्रविष्टियों के मामले में एफ आई आर कौन दर्ज करवा सकता है तो सुरजेवाला ने कहा कि कोई भी मतदाता एफ आई आर दर्ज करवा सकता है।सुरजेवाला ने कहा कि अधिकारियों की मिलीभगत से दोहरी प्रविष्टियां की गई है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस तरह की जा रही वोट चोरी को पकड़ा है।अब राज्य निर्वाचन आयोग का दायित्व है कि मतदाता सूचियों का शुद्धिकरण कर उन्हें आन लोगों के बीच रखा जाए।