राजधानी दिल्ली में नाबालिग लड़की के साथ कथित गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है। 16 वर्षीय 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ एक खाली स्लीपर बस में कथित तौर पर ड्राइवर और कंडक्टर ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 4 अगस्त की रात की है। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली छात्रा नोएडा जा रही थी। भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान उसने वहां से गुजर रही एक खाली स्लीपर बस को रुकने का इशारा किया।
आरोप है कि बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने छात्रा को नोएडा सेक्टर-63 तक छोड़ने की बात कहकर बस में बैठा लिया। इसके बाद बस चलने पर दोनों ने कथित तौर पर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसे धमकाया।
बताया जा रहा है कि बस परी चौक से दिल्ली के कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर चली। बस में स्लीपर सीटों के पर्दे लगे होने के कारण बाहर से अंदर की गतिविधियां दिखाई नहीं दे रही थीं। आरोपियों ने छात्रा को कश्मीरी गेट के पास उतार दिया।
घटना के बाद छात्रा ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल बस को भी कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
पुलिस मामले में घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पीड़िता की पहचान कानून के तहत गोपनीय रखी गई है।