आरोपी ने फर्जी फर्म बनाकर व्यापारी के मैनेजर से ठगे थे पैसे
साइबर पुलिस ने 18 लाख रुपये पीड़ित को वापस करवाए - इंस्पेक्टर सतवीर सिंह
लुधियाना 25 जुलाई (पारस दानिया) ।
लुधियाना के पुलिस कमिश्नर आईपीएस स्वपन शर्मा के निर्देशों पर और डीसीपी इन्वेस्टिगेशन हरपाल सिंह की निगरानी में थाना साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एडीसीपी वैभव सहगल और ACP साइबर क्राइम हरजिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस स्टेशन साइबर क्राइम के इंचार्ज इंस्पेक्टर सतवीर सिंह व उनकी टीम ने 2.5 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है।
ऐसे दिया गया था धोखाधड़ी को अंजाम
मामले की जानकारी देते हुए साईबर क्राइम इंचार्ज इंस्पेक्टर सतवीर सिंह ने बताया कि आरोपी और उसके साथियों ने फर्जी फर्म बनाकर ठगी को अंजाम दिया था। आरोपियों ने पीड़ित फर्म के मैनेजर को फर्म के मालिक की फोटो लगाकर मैसेज/कॉल की और बताया कि किसी दूसरी फर्म के साथ बिजनेस करना है। इसी बहाने आरोपियों ने मैनेजर से करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये धोखे से हासिल कर लिए थे। इस संबंध में उनकी पुलिस पार्टी के एसआई हरिंदरपाल सिंह साइबर पुलिस द्वारा जांच के चलते 20 जुलाई को दर्ज FIR नंबर 26/2026, में वांछित आरोपी मानवेन्द्र सिंह, निवासी जोधपुर, राजस्थान को राजस्थान में विभिन्न जगहों पर रेड कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी को 25-07-2026 तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान उससे पूछताछ की जा रही है।
अब तक की रिकवरी
इंस्पेक्टर सतवीर सिंह ने बताया कि इस मामले से जुड़े *
अन्य आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है और डिजिटल सबूतों की गहनता से जांच की जा रही है।
अब तक पुलिस ने पीड़ित को करीब 18 लाख रुपये वापस करवाए हैं।
पुलिस की अपील
लुधियाना पुलिस ने लोगों और खासकर व्यापारियों से अपील की है कि इस तरह की किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज से सावधान रहें। किसी को पैसे ट्रांसफर करने से पहले संबंधित व्यक्ति से व्यक्तिगत तौर पर पुष्टि जरूर करें। अगर आपके साथ भी ऐसी कोई घटना हो तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें।