लुधियाना 25 जुलाई (पारस दानिया): ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत लुधियाना क्राइम ब्रांच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इंस्पेक्टर नवदीप सिंह के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने 100 ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
कैसे हत्थे चढ़ा आरोपी
बीते कल शुक्रवार को क्राइम ब्रांच में तैनात सब इंस्पेक्टर ममता मिन्हास के नेतृत्व में पुलिस पार्टी थाना मोती नगर के इलाके में मौजूद थी। जहां एसआई मिन्हास को मुखबिर खास से सूचना मिली कि ग्लाडा ग्राउंड, मोती नगर के पास बने पार्क के बाहर सड़क पर एक युवक हेरोइन की सप्लाई के लिए अपने ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्रैप लगाकर आरोपी को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके पास से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान अभिषेक कुमार पुत्र कुमरपाल, उम्र 24 साल, निवासी हरगोबिंदपुरा मोहल्ला, समराला चौक के पास के रूप में है।
आरोपी से पूछताछ में खुलासा
SI ममता मिन्हास ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता का समराला चौक के पास चाय का खोखा है और वह भी पिता के साथ वहीं काम करता था। आरोपी ने कहा कि यह नशा उसे एक अज्ञात ऑटो चालक देकर गया था। आरोपी ने दावा किया कि वह खुद नशा नहीं करता।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मोती नगर में FIR नंबर 176, धारा 21-61-85 NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है और रिमांड हासिल कर उससे पूछताछ की जाएगी कि वह यह हेरोइन किसे सप्लाई करनी थी। पुलिस अज्ञात ऑटो चालक और सप्लाई चेन के अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।