बारिश ने स्मार्ट सिटी लुधियाना की बदहाल सिटी के रूप में तस्वीर को किया पेश: पवन दीवान
Jul30,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Ludhiana
कहीं कार सड़क में धंसी, कहीं ऑटो पलटा
लुधियाना, 30 जुलाई: लुधियाना में आज हुई कुछ घंटों की बारिश ने शहर के स्मार्ट सिटी होने के दावों की पोल खोलते हुए, इसे एक बदहाल सिटी के रूप में लोगों के सामने ला दिया है। यहां जारी एक बयान में, पंजाब लार्ज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बोर्ड के पूर्व चेयरमैन और लुधियाना शहरी कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष पवन दीवान ने कहा कि नगर निगम अधिकारियों और राज्य सरकार द्वारा शहर के विकास को लेकर किए जाने वाले बड़े-बड़े दावों की आज कुछ घंटों की बारिश ने सच्चाई उजागर कर दी है।
उन्होंने उल्लेख किया कि स्थानीय गुरदेव नगर क्षेत्र में अचानक सड़क धंसने से बने गड्ढे में कार गिर गई और गाड़ी को दोबारा बाहर निकालने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इस घटना में कार को भी काफी नुकसान हुआ। वहीं पर, मॉडल टाउन रोड पर सड़क टूटने के कारण यात्रियों से भरा एक ई-रिक्शा बरसात से भरे पानी में पलट गया, जिसे राहगीरों ने संभाला और यात्रियों की मदद की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के अनुसार यहां पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन नगर निगम के अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगती।
इसी तरह, शहर के कई प्रमुख इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खास तौर पर जनकपुरी, गणेश नगर, हरगोबिंद नगर, हजूरी रोड, चौड़ा बाजार समेत शहर की कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया। कई क्षेत्रों में तो पानी लोगों के घरों और दुकानों में भी घुस गया, जिससे काफी सामान खराब हो गया। इसी प्रकार कोट मंगल सिंह नगर क्षेत्र में ड्यूटी पर जा रहा एक बुजुर्ग व्यक्ति अपनी साइकिल समेत खुले सीवरेज में जा गिरा। हालांकि उसकी किस्मत अच्छी रही कि वह किसी बड़े हादसे से बच गया।
दीवान ने जोर देते हुए, कहा कि यदि यही स्मार्ट सिटी व विकास का मॉडल है, तो इससे और बदतर स्थिति क्या हो सकती है। उन्होंने कहा कि आज कुछ घंटों की बारिश ने स्मार्ट सिटी लुधियाना की वास्तविक तस्वीर लोगों के सामने ला दी है और इसे बदहाल सिटी के रूप में उजागर कर दिया है। दीवान ने कहा कि शहर की अधिकांश सड़कें विकास के नाम पर खोदी हुई हैं और कई स्थानों पर कितना घटिया काम किया गया है, इसकी वास्तविकता आज लोगों के सामने आ चुकी है।
Rain-Exposes-The-Reality-Of-smart-City-Ludhiana-Reveals-It-As-A-City-In-Distress-Pawan-Dewan