राजपुरा, 30 जुलाई। (सुशील कुमार सिंधी) राजपुरा पुलिस ने चोरी एवं गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए 15 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों में खुशी का माहौल है और उन्होंने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
जानकारी देते हुए डीएसपी मनजीत सिंह ने बताया कि उनके नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान आईटी अधिकारी गुरिंदर सिंह एवं उनकी टीम ने आधुनिक तकनीक, डिजिटल ट्रैकिंग और तकनीकी विश्लेषण की सहायता से विभिन्न स्थानों से कुल 15 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद किए गए मोबाइल फोन में सैमसंग, वनप्लस, ओप्पो और वीवो सहित विभिन्न कंपनियों के हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लाखों रुपये है।
उन्होंने बताया कि सभी मोबाइल फोन का आवश्यक सत्यापन एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों के सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने राजपुरा पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता की प्रशंसा की।
डीएसपी मनजीत सिंह ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल फोन या अन्य कीमती सामान गुम हो जाए अथवा चोरी हो जाए, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन में दें, ताकि समय रहते तकनीकी सहायता से उसे बरामद करने का प्रयास किया जा सके।