श्री अमृतसर साहिब से 27 अंतरराष्ट्रीय शहरों के लिए शुरू की गई ईज़ी कनेक्ट हवाई सेवा पंजाब और एनआरआई समुदाय के लिए ऐतिहासिक सौगात: ढिल्लों
Jul30,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Chandigarh
श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दिल्ली के माध्यम से कनाडा, अमेरिका, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया सहित 27 अंतरराष्ट्रीय शहरों के लिए मिलेगी निर्बाध कनेक्टिविटी
अमृतसर में ही पूरी होगी इमिग्रेशन और चेक-इन की प्रक्रिया; दिल्ली में न टर्मिनल बदलने की जरूरत होगी और न ही सामान दोबारा चेक कराना पड़ेगा
भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा श्री अमृतसर साहिब स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शुरू की गई नई 'ईज़ी कनेक्ट' हवाई सेवा का स्वागत किया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापू राम मोहन नायडू का हृदय से आभार व्यक्त किया।
ढिल्लों ने कहा कि केंद्र सरकार के 'हब-एंड-स्पोक' मॉडल के तहत एयर इंडिया द्वारा शुरू की गई इस सेवा से पंजाब के हजारों यात्रियों और विदेशों में बसे एनआरआई समुदाय को बड़ा लाभ मिलेगा। अब अमृतसर से यात्रा करने वाले यात्री दिल्ली के माध्यम से दुनिया के 27 प्रमुख अंतरराष्ट्रीय शहरों—टोरंटो, वैंकूवर (कनाडा), न्यूयॉर्क, शिकागो, सैन फ्रांसिस्को (अमेरिका), लंदन, बर्मिंघम (इंग्लैंड), मेलबर्न, सिडनी (ऑस्ट्रेलिया) के अलावा यूरोप, दक्षिण-पूर्व एशिया और मध्य-पूर्व (दुबई सहित) के विभिन्न देशों तक बिना किसी परेशानी के पहुंच सकेंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लाखों प्रवासी दुनिया के विभिन्न देशों में रहते हैं और उनका अपने गांवों, शहरों तथा परिवारों से अटूट रिश्ता है। पारिवारिक समारोहों, त्योहारों तथा सुख-दुख के अवसरों पर उनका पंजाब आना-जाना लगातार बना रहता है। पहले दिल्ली हवाई अड्डे पर लंबी इमिग्रेशन कतारों, सामान की दोबारा जांच तथा टर्मिनल बदलने की असुविधा के कारण विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब 'ईज़ी कनेक्ट' सुविधा शुरू होने से प्रवासी पंजाबियों और उनके परिवारों की यात्रा कहीं अधिक आसान, सुविधाजनक और आरामदायक हो जाएगी।
ढिल्लों ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार हमेशा पंजाब, पंजाबियत और पंजाबियों के हित में निर्णय लेती रही है। इस महत्वपूर्ण फैसले के माध्यम से मोदी सरकार ने एक बार फिर पंजाबियों का दिल जीत लिया है।
उन्होंने बताया कि इस सेवा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यात्री अमृतसर हवाई अड्डे पर ही अपनी इमिग्रेशन और पूरी चेक-इन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें न तो टर्मिनल बदलने की आवश्यकता होगी और न ही अपना सामान दोबारा चेक-इन कराना पड़ेगा।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि इस पहल से न केवल एनआरआई और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के समय की बचत होगी, बल्कि पंजाब में पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।
Easy-Connect-Air-Service-From-Sri-Amritsar-Sahib-To-International-Destination