*ब्रिटेन में बसे पंजाबी समुदाय से संबंधित मुद्दों और एन.आर.आई. की समस्याओं पर विस्तृत विचार-विमर्श*
ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर अल्बा समेरिग्लो और ब्रिटिश उच्चायोग की वरिष्ठ सलाहकार (अर्थशास्त्र, जलवायु एवं विकास) मधु मिश्रा ने आज पंजाब के एन.आर.आई. मामलों के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह से पंजाब सिविल सचिवालय-1, चंडीगढ़ स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की।
इस अवसर पर डॉ. रवजोत सिंह ने ब्रिटिश शिष्टमंडल के साथ ब्रिटेन में बसे पंजाबी समुदाय और पंजाब से संबंधित एन.आर.आई. के विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार विदेशों में बसे पंजाबियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने और उनकी जायज़ समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
डॉ. रवजोत सिंह ने ब्रिटेन में बसे पंजाबियों को जाली और अनधिकृत ट्रैवल एजेंटों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि एन.आर.आई. और उनके परिवारों को वीजा, आप्रवासन, विदेश यात्रा या अन्य सेवाओं से संबंधित झूठे दावे करने वाले व्यक्तियों के झांसे में नहीं आना चाहिए। उन्होंने कहा कि जाली ट्रैवल एजेंटों द्वारा किए जाने वाले धोखाधड़ी से बचने के लिए लोगों में जागरूकता पैदा करना अत्यंत आवश्यक है।
मंत्री ने ब्रिटिश शिष्टमंडल को बताया कि पंजाब सरकार द्वारा 26 अगस्त को बठिंडा में एन.आर.आई. मिलनी (सम्मेलन) आयोजित किया जा रहा है, जिसमें एन.आर.आई. के साथ संवाद किया जाएगा। उन्होंने ब्रिटेन सहित विदेशों में बसे, विशेषकर बठिंडा और आस-पास के क्षेत्रों से संबंधित पंजाबियों को इस मिलनी में शामिल होकर अपनी समस्याओं और सुझावों को सीधे पंजाब सरकार के समक्ष रखने का निमंत्रण दिया।
बैठक के दौरान ब्रिटेन में बसे पंजाबियों और पंजाब से जुड़े एन.आर.आई. की विभिन्न चिंताओं, पंजाब से उनके संबंधों और उनके हितों से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर दोनों पक्षों ने पंजाबी प्रवासी समुदाय से संबंधित मुद्दों पर आपसी संपर्क और सहयोग को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
Jagrati Lahar is an English, Hindi and Punjabi language news paper as well as web portal. Since its launch, Jagrati Lahar has created a niche for itself for true and fast reporting among its readers in India.
Gautam Jalandhari (Editor)