समग्र शिक्षा के तहत काम कर रहे 1,007 नॉन-टीचिंग कर्मचारियों की सेवाएं भी नियमित कीं
नियमित किए गए कर्मचारियों को वेतन संबंधी लाभ भी दिए जाएंगे: मुख्यमंत्री
कर्मचारियों के कल्याण और सुरक्षित भविष्य के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध: भगवंत मान
पंजाब की भगवंत मान सरकार ने कर्मचारी हित में बड़ा फैसला लेते हुए 6,507 कंप्यूटर शिक्षकों (पीआईसीटीएस) के महंगाई भत्ते में 40 प्रतिशत वृद्धि को मंजूरी दी है। इसके साथ ही समग्र शिक्षा के तहत काम कर रहे 1,007 नॉन-टीचिंग कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित कर दिवाली का तोहफा दिया है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि दिवाली के शुभ अवसर पर राज्य सरकार ने कर्मचारियों के लिए बड़े लाभों की घोषणा की है। 6,507 कंप्यूटर शिक्षकों के महंगाई भत्ते में 40 प्रतिशत वृद्धि को मंजूरी दी गई है। इससे उनका महंगाई भत्ता 181 प्रतिशत से बढ़कर 221 प्रतिशत हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समग्र शिक्षा के तहत काम कर रहे 1,007 नॉन-टीचिंग कर्मचारियों की सेवाएं भी नियमित कर दी हैं। इस फैसले से कर्मचारियों को अधिक सेवा सुरक्षा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि नियमित किए गए कर्मचारियों को वेतन संबंधी लाभ भी प्रदान किए जाएंगे। राज्य सरकार कर्मचारियों के कल्याण और उनके सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों को उनके अधिकारों और लाभों से वंचित न रहना पड़े, इसके लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। उन्हें सुरक्षित भविष्य देना और उनके हक के लाभ सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
दिवाली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रोशनी का यह त्योहार पंजाब के हर घर में खुशहाली और तरक्की लेकर आए।