करोड़ों रुपये की लागत से गांवों की सड़कों के नवीनीकरण का शिलान्यास।
कुमार सोनी
जंडियाला गुरु/अमृतसर, 21 अप्रैल – पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को ओर तेज़ी देते हुए विभिन्न गांवों में संपर्क सड़कों के प्रोजेक्टों के शिलान्यास किए। इन प्रोजेक्टों का उद्देश्य ग्रामीण संपर्क को मजबूत करना, यातायात को सुगम बनाना और लोगों के दैनिक जीवन को आसान बनाना है।
लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा लगभग 2 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत से इन सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जो गांवों के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगे।
उन्होंने बताया कि गांव सैदो लेहल में विभिन्न इंटरलॉकिंग सड़कों का निर्माण 1 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। ये सड़कें कुल 3.50 किलोमीटर लंबी और 10 फुट चौड़ी होंगी, जिससे गांव में यातायात की सुविधा बेहतर होगी। उन्होंने आगे बताया कि गांव अकालगढ़ ढपई में भी विभिन्न इंटरलॉकिंग सड़कों का निर्माण 1 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। ये सड़कें कुल 3.45 किलोमीटर लंबी और 10 फुट चौड़ी होंगी, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने कहा ये सभी कार्य स्पेशल असिस्टेंस स्कीम के तहत करवाए जाएंगे। संबंधित ठेकेदारों को कार्य आवंटित किया जा चुका है और इन्हें 6 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि पंजाब सरकार ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।