राजपुरा अनाज मंडी में गेहूं की खरीद शुरू, विधायक नीना मित्तल ने किया उद्घाटन
Apr1,2026
| Sushil Kumar | Rajpura
राजपुरा, 1 अप्रैल (सुशील कुमार) — राजपुरा अनाज मंडी में आज गेहूं की सरकारी खरीद का शुभारंभ विधायक नीना मित्तल द्वारा किया गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी राजपुरा मंडी में सबसे पहले खरीद प्रक्रिया शुरू हुई है।
इस मौके पर विधायक मित्तल ने बताया कि खराब मौसम को देखते हुए सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और वे अपनी फसल बेचकर समय पर घर लौट सकें। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य मिले।
आज रंगियां गांव के किसान शरणजीत सिंह द्वारा मंडी में गेहूं की पहली ढेरी लाई गई, जिस पर उन्हें विशेष रूप से बधाई दी गई। खरीद शुरू होते ही भुगतान प्रक्रिया भी तुरंत लागू कर दी गई है और किसानों के खातों में शाम तक राशि पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
मंडी में व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि डीएफएससी और सभी खरीद एजेंसियों के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। बारदाना, लिफ्टिंग, स्टोरेज और ट्रांसपोर्ट के पूरे इंतजाम किए गए हैं ताकि किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
उन्होंने बताया कि मंडी में लाइट, पानी और बैठने की अच्छी व्यवस्था है, वहीं आढ़ती वर्ग द्वारा भी किसानों के लिए पूरे प्रबंध किए गए हैं।
सफाई संबंधी सवालों पर उन्होंने कहा कि हाल ही में आए तूफान और बारिश के कारण कुछ समस्या आई थी, लेकिन अब सफाई का कार्य तेजी से जारी है और जल्द ही पूरी मंडी साफ कर दी जाएगी।
विधायक ने किसानों से अपील की कि वे सूखी फसल ही मंडी में लेकर आएं, ताकि खरीद और भुगतान प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की ओर से सभी प्रबंध पूरे हैं और किसी भी किसान को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
राजपुरा मंडी, जो एशिया की बड़ी अनाज मंडियों में से एक मानी जाती है, में हर साल खरीद प्रक्रिया सुव्यवस्थित तरीके से संचालित की जाती है और इस बार भी प्रशासन द्वारा पूरी तैयारी की गई है।
Rajpura-Dana-Mandi-Procurement-Start-Mla-Neena-Mittal-