भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष सरदार हरविंदर सिंह फुल्का के भाजपा में शामिल होने का स्वागत करते हुए कहा कि यह न्याय और सच्चाई की लड़ाई को और मजबूत करने वाला ऐतिहासिक क्षण है। चुग ने कहा कि फुल्का जी ने 1984 के सिख दंगों के पीड़ितों के लिए चार दशकों तक अथक संघर्ष किया और सैकड़ों दोषियों को सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका भाजपा परिवार में आना उन मूल्यों की पुनर्स्थापना है जिनके लिए उन्होंने जीवन समर्पित किया।
चुग ने कहा कि जब 1984 में गांधी-नेहरू परिवार के इशारों पर देश के कई शहरों में सिखों के खिलाफ भीषण हिंसा हुई, उस समय भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र राजनीतिक शक्ति थी जिसने संसद से सड़क तक पीड़ितों की आवाज उठाई। उन्होंने याद दिलाया कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी और मदन लाल खुराना जैसे नेताओं ने इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया, और उसी दौर में युवा फुल्का जी ने न्याय की लड़ाई की शुरुआत की, जिसे आज तक निरंतर आगे बढ़ाया।
वरिष्ठ अधिवक्ता एच.एस. फुल्का ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा कि उन्होंने पिछले 40 वर्षों से 1984 के पीड़ितों के लिए न्याय की लड़ाई लड़ी है और इस संघर्ष में भाजपा ने हमेशा उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के साथ उनका अनुभव सीमित समय का था, लेकिन वास्तविकता समझने के बाद उन्होंने उस रास्ते को छोड़ दिया। फुल्का ने कहा कि पंजाब की बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध और नशे की समस्या को देखते हुए उन्होंने राजनीति में वापसी का निर्णय लिया है और इसके लिए भाजपा से बेहतर कोई विकल्प नहीं है।
चुग ने आगे कहा कि फुल्का जी का व्यक्तित्व और उनका संघर्ष न केवल सिख समाज बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और फुल्का जी का अनुभव और प्रतिबद्धता इस मिशन को और सशक्त बनाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि फुल्का जी का मार्गदर्शन पंजाब में एक सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Jagrati Lahar is an English, Hindi and Punjabi language news paper as well as web portal. Since its launch, Jagrati Lahar has created a niche for itself for true and fast reporting among its readers in India.
Gautam Jalandhari (Editor)