दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान से संचालित 480 सोशल मीडिया हैंडल की पहचान कर उन्हें ब्लॉक कर दिया है। पुलिस के मुताबिक ये सभी हैंडल एक संगठित तरीके से भ्रामक जानकारी और अफवाहें फैलाने में शामिल थे।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने वीडियो संदेश जारी कर छात्रों और युवाओं से अपील की है कि वे ऐसे विदेशी अकाउंट्स से सावधान रहें। अधिकारी ने कहा कि इन अकाउंट्स का मकसद मौजूदा हालात को लेकर भ्रम फैलाना और लोगों को गुमराह करना है।
पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी खबर या वीडियो को फॉरवर्ड करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें। अफवाह फैलाने वाले पोस्ट को लाइक, शेयर या कमेंट न करें। अगर कोई संदिग्ध अकाउंट या पोस्ट दिखे तो तुरंत दिल्ली पुलिस को इसकी सूचना दें।
अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और गलत सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और आधिकारिक सूत्रों से ही जानकारी लेने की सलाह दी है।