05 जुलाई को सफाई के दौरान नंगी बिजली की तार बनी थी हादसे का कारण
लुधियाना 24 जुलाई (पारस दानिया): साहनेवाल रोड़ स्थित एक निजी प्लांट में सुरक्षा प्रबंधों में लापरवाही के कारण एक हेल्पर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक के चाचा की शिकायत पर थाना डेहलों पुलिस ने प्लांट प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मृतक की चाचा की जानकारी
पुलिस को शिकायतकर्ता रियाज अहमद पुत्र दीन मोहम्मद, निवासी अस्सार, थाना गुद्दू, जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर ने बताया कि उनका भतीजा मोहम्मद इरफान जोकि सोम्या इन्फ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड, आरएससी प्लांट, साहनेवाल रोड, डेहलों, गांव पद्दी में हेल्पर का काम करता था।
जहां 05 जुलाई को इरफान प्लांट में लगी मिक्सर मशीन की हैमर मशीन से सफाई कर रहा था। सफाई के दौरान हैमर मशीन से जुड़ी बिजली की तार किसी जगह से नंगी/खराब थी, जिससे उसे अचानक तेज करंट लग गया। करंट लगने से वह मिक्सर के अंदर गिर पड़ा। घायल अवस्था में उसे गुरु नानक चैरिटेबल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शिकायतकर्ता द्वारा लापरवाही का आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि प्लांट में लगी बिजली की तारों और मशीनरी की सही देखभाल और सुरक्षा प्रबंध न करने तथा नंगी बिजली की तार को ठीक न करने जैसी लापरवाही के कारण उसके भतीजे की जान गई है।
शिकायत के आधार पर थाना डेहलों में पुलिस ने FIR नंबर 135, धारा 106(1) BNS के तहत सोम्या इन्फ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड, आरएससी प्लांट के प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्लांट में सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।