भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू शुक्रवार को हल्का वेस्ट के पॉश इलाके किचलू नगर पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्य सड़क धंसने के बाद चल रहे राहत एवं मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद नगर निगम अधिकारियों से स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और प्रभावित क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने पर जोर दिया।
गौरतलब है कि वीरवार को किचलू नगर में मुख्य सड़क करीब 15 से 20 फीट गहरी और लगभग 30 फीट लंबाई तक अचानक धंस गई थी। घटना के बाद डीएमसी रोड की ओर जाने वाले इस प्रमुख मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया गया। वहीं, लायंस क्लब रोड पर भी सड़क धंसने की घटना ने नगर निगम के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के तुरंत बाद नगर निगम और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। सड़क धंसने के साथ नीचे से गुजर रही सीवरेज पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे पानी का तेज बहाव शुरू हो गया। प्रभावित मकान को सुरक्षित रखने के लिए आरसीसी सपोर्ट दिया गया और एहतियातन परिवार को घर से बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल पूरे क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर आवाजाही बंद रखी गई है, जबकि मरम्मत कार्य जारी है।