सिविल सर्जन लुधियाना डॉ. रमणदीप कौर के दिशा-निर्देशों तथा जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष चावला के नेतृत्व में फूड सेफ्टी टीम ने आज लुधियाना शहर के दैनिक बाजारों में लगने वाली रेहड़ियों एवं फड़ियों पर विशेष जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के नियमों के अनुपालन का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान एक आइसक्रीम फैक्ट्री का भी निरीक्षण किया गया, जहां से आइसक्रीम के दो नमूने लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण हेतु भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसी दौरान फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स टीम द्वारा सुभाष नगर एवं जालंधर बाईपास क्षेत्र में खाद्य कारोबारियों तथा आम जनता को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। टीम ने फूड बिजनेस ऑपरेटरों (FBOs) से FSSAI के नियमों का पूर्ण रूप से पालन करने, उच्च स्तर की स्वच्छता बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की अपील की।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष चावला ने कहा कि जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी फूड बिजनेस ऑपरेटरों से अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, गुणवत्ता तथा FSSAI के मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि आम जनता के स्वास्थ्य की प्रभावी रूप से सुरक्षा की जा सके।