लुधियाना में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: संदिग्ध 32 किलोग्राम पनीर नष्ट, सैंपल प्रयोगशाला जांच हेतु भेजे गए
Jun4,2026
| Vishal Dhall | Ludhiana
लुधियाना, 4 जून 2026: सिविल सर्जन, लुधियाना डा रमनदीप कौर के मार्गदर्शन तथा डॉ. आशीष चावला, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, लुधियाना की निगरानी में खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आज तड़के सुबह सब्जी मंडी, लुधियाना में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने विभिन्न खाद्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों से पनीर के दो सैंपल लेकर विस्तृत प्रयोगशाला परीक्षण हेतु संग्रहित किए। पनीर की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर तथा जन स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगभग 32 किलोग्राम पनीर को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया ताकि इसे बाजार में बिक्री के लिए न भेजा जा सके।
एकत्रित किए गए सैंपल राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में विश्लेषण हेतु भेज दिया गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. आशीष चावला ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के कड़ाई से अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने खाद्य कारोबार संचालकों से स्वच्छता एवं गुणवत्ता मानकों का पालन करने की अपील की तथा उपभोक्ताओं को केवल विश्वसनीय स्रोतों से खाद्य पदार्थ खरीदने की सलाह दी।
खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा जिले भर में नियमित निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान जारी रखे जाएंगे ताकि आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।
Food-Safety-Crackdown-In-Ludhiana-32-Kg-Suspected-Paneer-Destroyed-Samples-Sent-For-Laboratory-Analysis