राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़ 21 अक्टूबर । बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में हरियाणा पुलिस ने मुंबई पुलिस को जांच में पूरा सहयोग दिया है। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने बुधवार को पंचकूला में यह जानकारी देते हुए कहा कि मामले में शामिल हरियाणा के आरोपियों की पहचान कर ली गई है। मुंबई पुलिस के साथ जांच में समन्वय बनाया गया है और आगे भी पूरा सहयोग जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में दहशत फैलाने, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और पुलिस पर हथियार उठाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीजीपी ने कहा कि हरियाणा पुलिस अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। विदेशों में बैठकर आपराधिक गतिविधियां चलाने वाले गैंगस्टरों पर शिकंजा कसने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 26 गैंगस्टरों को विदेशों से डिपोर्ट करवाया जा चुका है, जबकि 14 गैंगस्टरों को विदेशों में ही हिरासत में लिया गया है। पुलिस का प्रयास है कि विदेशों में छिपकर आपराधिक नेटवर्क चलाने वाले अपराधियों को कानून के शिकंजे में लाया जाए और उनके नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जाए।
नशा तस्करों पर भी कार्रवाई तेज
प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर डीजीपी ने कहा कि हरियाणा पुलिस नशे के खिलाफ दोहरी रणनीति अपना रही है। इसके तहत एक ओर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाना है।
उन्होंने कहा कि अपराध, गैंगस्टर गतिविधियों और नशा तस्करी पर लगाम लगाने के लिए हरियाणा पुलिस पूरी गंभीरता से काम कर रही है। आम जनता में भय पैदा करने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।