बिजली की पीक मांग को पूरा करने के लिए विभाग तैयार_अनिल विज
Jun1,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Chandigarh
चंडीगढ़, 1 जून।हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश में बिजली की बढ़ती हुई मांग के अनुसार आपूर्ति को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे बिजली की पीक डिमांड बढ़ रही है, बिजली विभाग सफलतापूर्वक उसका सामना कर रहा है और राज्य की संपूर्ण बिजली मांग को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश के उपभोक्ताओं को पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाएगी और इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रबंध किए गए हैं।
विज सोमवार को चंडीगढ़ में मीडिया कर्मियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा बिजली विभाग का प्रत्येक कर्मचारी और अधिकारी पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है। विभाग ने बिजली आपूर्ति प्रणाली को मजबूत और दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं तथा निरंतर सुधार की प्रक्रिया भी जारी है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
गुरुग्राम में हाल ही में हुए हादसे के संबंध में प्रश्न के उत्तर में विज ने कहा कि यह एक तकनीकी घटना थी, जिस पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि आग लगने की घटना के बाद मशीनरी को लगभग दो घंटे के भीतर ठीक कर लिया गया था और बिजली व्यवस्था को शीघ्र सामान्य कर दिया गया था।
अधिकारियों के कार्य व्यवहार को लेकर प्रश्न के उत्तर में विज ने कहा कि वह किसी की ‘क्लास’ नहीं लेते, बल्कि आवश्यकतानुसार अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश देते हैं। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं और सरकार की नीतियों एवं जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू कर रहे हैं।
Department-Ready-To-Meet-Peak-Power-Demand-Anil-Vij