रिश्ते में भतीजे के लड़के ने गहने पड़ी कार छुड़ाने के लिए लोहे की गरारी से हमला कर बुजुर्ग दंपति को मौत के घाट उतारा- सीपी
आरोपी ने वारदात के बाद चोरी किए 60 हजार रुपये नकदी और मृतकों के पहने हुए सोने के गहने और मृतकों के 2 मोबाइल समेत वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की गरारी और मकान की चाबी बरामद
*लुधियाना 1 जून (पारस दानिया) : लुधियाना पुलिस ने जनता नगर में हुए डबल मर्डर केस को 24 घंटे के अंदर सुलझा लिया है। 69 साल के बुजुर्ग और उनकी 71 साल की पत्नी की हत्या उनके रिश्ते के भतीजे ने 60 हजार रुपये और गहनों के लिए कर दी थी। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
*28 मई को हुई थी वारदात*
30 मई 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि गली नंबर 30, मोहल्ला जनता नगर, मकान नंबर 1389 में एक पुरुष और महिला का कत्ल कर दिया गया है। एसआई राजिंदरपाल सिंह, इंचार्ज चौकी शेरपुर, पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे तो देखा कि कमरे में बुजुर्ग दंपति कुलदीप सिंह 69 साल और हरमीत कौर 71 साल की लाशें खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थीं। घटना 28 मई 2026, शाम 6:00 बजे की बताई जा रही है।
*रिश्ते का भतीजा निकला कातिल*
संबंधित जानकारी प्रेस को सांझा करते हुए कमीश्नर पुलिस लुधियाना स्वपन शर्मा IPS ने बताया कि मामले को पहले के आधार पर ट्रेस करने के लिए डीसीपी जसकिरनजीत सिंह, डीसीपी हरपाल सिंह, एडीसीपी करनवीर सिंह, एडीसीपी अमनदीप सिंह बराड़, एसीपी अनुभव जैन और एसीपी दीप करण की अगुवाई में कई टीमें बनाई गईं। जिस पर कार्रवाई करते सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर अवतार सिंह, स्पेशल सेल इंचार्ज इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह देहल, एसएचओ डिवीजन-6 और शेरपुर चौंकी की टीमों ने तकनीकी साधनों और मुखबिरों की मदद से मामले को ट्रेस करते 31 मई 2026 रात 10:30 बजे आरोपी प्रदीप सिंह पुत्र जगदीश सिंह, उम्र 34 साल, निवासी गली नंबर 10, न्यू अंगद कॉलोनी को मामले मे गिरफ्तार कर लिया।
*पैसे के लिए किया कत्ल*
सीपी स्वपन शर्मा ने बताया कि जांच में पता चला कि मृतक कुलदीप सिंह की 5 बेटियां विदेश रहती हैं और एक बेटे की मौत हो चुकी है। कुलदीप और हरमीत अकेले मकान में रहते थे। आरोपी प्रदीप सिंह मृतक का रिश्ते में भतीजा था और उसका घर आना जाना था। वह खराद का काम करता है। वारदात वाले दिन 28 मई को प्रदीप अपनी कार छुड़ाने के लिए कुलदीप से पैसे मांगने गया था। कुलदीप ने पैसे देने से मना कर दिया तो गुस्से में प्रदीप ने लोहे की गरारी से दोनों पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। बाद में घर से 60 हजार रुपये नकदी, मृतका के सोने के गहने और 2 मोबाइल चोरी कर लिए और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया।
*इन धाराओं में केस दर्ज*
पुलिस ने FIR नंबर 135, धारा 103, 3(5) BNS और चोरी के चलते धारा 311 BNS के तहत केस दर्ज किया है। हत्या में इस्तेमाल लोहे की गरारी और घर की चाबी बरामद कर ली गई है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की जाएगी।