मंत्रियों के क्षेत्र दौरे से पहले विधायक और संगठन इकाई को सूचित करने के मुख्यमंत्री के निर्देश
Apr13,2026
| Rajender Singh Jadon | Chandigarh
राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़, 13 अप्रैल।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को यहां भाजपा विधायक दल की बैठक में मिले फीड बैंक के आधार पर निर्देश जारी किए कि मंत्रियों के क्षेत्र दौरे से पहले संबंधित स्थानीय विधायक और पार्टी इकाई को विधिवत सूचना दी जाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में विधायक दल की बैठक में यह मुद्दा उठाया गया। मुख्यमंत्री ने जानकारी मिलने के बाद निर्देश जारी कर दिए। बैठक में शामिल हुए मंत्री और विधायको की संख्या तीस के आसपास रही। बैठक में विधायकों ने शिकायत की थी कि जब मंत्री उनके विधानसभा क्षेत्रों में जाते हैं तो इसकी पहले से कोई सूचना स्थानीय विधायक या जिला संगठन को नहीं दी जाती। इससे कई बार विधायक मंत्रियों के कार्यक्रमों से नहीं जुड़ पाते और स्थानीय नेतृत्व की भूमिका भी प्रभावित होती है। विधायकों की इस नाराजगी को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गंभीरता से लिया और मौके पर ही सख्त निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब किसी भी मंत्री के क्षेत्र दौरे या कार्यक्रम से पहले संबंधित विधानसभा क्षेत्र के विधायक को सूचना देना अनिवार्य होगा। जिला अध्यक्ष और स्थानीय संगठन को भी पहले से जानकारी देनी होगी। बैठक में विधायकों ने कहा कि कई बार मंत्री बिना सूचना के उनके क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं, जिससे स्थानीय समन्वय नहीं बनता है और कार्यकर्ताओं में असहजता पैदा होती है। इस मुद्दे को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लेते हुए इसे तुरंत लागू करने का निर्देश दिया। बैठक में 10 मई को होने वाले शहरी स्थानीय निकाय चुनावों पर भी चर्चा हुई।
सोनीपत, अंबाला और पंचकूला नगर निगम के अलावा रेवाड़ी नगर परिषद तथा सांपला, धारूहेड़ा और उकलाना नगर पालिका में मतदान होना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मंत्री और विधायक पूरी तरह चुनावी तैयारी में जुट जाएं और जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव संगठन और जनता के भरोसे की परीक्षा है।
Nayab-Singh-Saini-Haryana-New-Cm