राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़,13 अप्रेल। हरियाणा में तीन नगर निगमों और अन्य निकाय चुनावों के लिए सोमवार को राज्य चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया।आयोग ने पंचकूला में प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनावों की तारीखों की घोषणा की। राज्य चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण ने बताया कि सोनीपत-पंचकूला और अंबाला नगर निगम के लिए 10 मई को मतदान कराया जाएगा और 13 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
कल्याण ने बताया कि इसके अलावा, रेवाड़ी नगर परिषद ,धारूहेड़ा सांपला और उकलाना नगर पालिका में भी चुनाव होगा। टोहाना, झज्जर, राजौंद, तरावड़ी, सढ़ौरा और कनीना नगरपालिका को लेकर भी मतदान कराया जाएगा।आयोग की ओर से घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 21 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 27 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
28 अप्रैल को नामांकन पत्र वापस लेने की आखिरी तारीख होगी। इसी दिन चुनाव चिन्ह भी उम्मीदवार को आवंटित किए जाएंगे।इसके बाद दस मई को मतदान कराया जाएगा। पुनः मतदान की जरूरत पड़ी तो 12 मई को दोबारा मतदान कराया जाएगा। मतगणना के बाद 13 मई को चुनावी नतीजों का ऐलान किया जाएगा। कल्याण ने बताया कि नगर निगमों के साथ-साथ जिला परिषद और पंचायती राज संस्थाओं के खाली पदों के लिए उपचुनाव भी इसी समय सारणी के अनुसार कराए जाएंगे।
चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण ने चुनाव खर्च की सीमा के बारे में बताया कि निगम मेयर के लिए 30 लाख रु सीमा तय की गई है। सदस्य के लिए यह 7.50 लाख रुपये है। निकाय चुनाव के लिए 10 मई को मतदान होगा। अगर दोबारा मतदान की जरूरत पड़ी तो वह 12 मई को होंगे। 13 मई को चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। इस बार बीजेपी, कांग्रेस, जेजेपी और आईएनएलडी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। राज्य चुनाव आयोग द्वारा तारीखों की घोषणा से पहले ही सभी राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया था।