लुधियाना के नेता गुरसिमरन सिंह मंड पर अंबाला में कथित तौर पर कुछ लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में हमला कर दिया। हमलावरों ने मंड के साथ मारपीट की और उनकी कार में भी जमकर तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ईंटों और डंडों से मंड की कार पर हमला किया जा रहा है, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एक पगड़ीधारी व्यक्ति डंडे से कार पर लगातार वार करता दिखाई देता है। मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी हमलावर को रोकने की कोशिश करता है, लेकिन हमलावर उसे भी धमकाता नजर आता है।
वीडियो में गुरसिमरन सिंह मंड लहूलुहान अवस्था में, फटे कपड़ों और उतरी हुई पगड़ी के साथ भीड़ के बीच हाथ जोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।
फिलहाल हमले के कारणों और मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।