लुधियाना क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: थार गाड़ी सवार नशा सप्लायर युवक 90 ग्राम हेरोइन, 40 ग्राम आइस समेत काबू
Jul10,2026
| Paras Dania | Ludhiana
आरोपी ने MBA की, पिता व चाचा प्रिंसिपल, युवक एक महीने से नशा तस्कर के कहने पर ग्राहकों को कर रहा था नशा सप्लाई
लुधियाना 10 जुलाई (पारस दानिया) : लुधियाना क्राइम ब्रांच पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवा नशा सप्लायर को भारी मात्रा में हेरोइन और आइस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी लग्जरी थार जीप में नशे की सप्लाई करता था।
मुखबिर की सूचना पर रेड
क्राइम ब्रांच इंचार्ज इंस्पेक्टर नवदीप सिंह के नेतृत्व में SI ममता मिन्हास की टीम तफ्तीशी किट के साथ 9 जुलाई गुरूवार को गश्त के दौरान क्वालिटी धर्म कांटा, गिल रोड़ के पास मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर खास ने सूचना दी कि जसदीप सिंह उर्फ जस्स हेरोइन और आइस बेचने का अवैध धंधा करता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी के घर पर रेड की।
पुलिस टीम ने आरोपी जसदीप सिंह उर्फ जस्स पुत्र सुखविंदर सिंह निवासी सामने ननकाना साहिब मॉडल हाई स्कूल, जनता नगर को उसके घर से काबू किया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 90 ग्राम हेरोइन, 40 ग्राम आइस और नशे की तस्करी में इस्तेमाल की गई थार जीप नंबर PB65BB-1921 बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR नंबर 170, धारा 21-25-61-85 NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया है।
पढ़ा-लिखा परिवार, फिर भी नशे का धंधा
SI ममता मिन्हास ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की उम्र 22 साल है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी थार जीप खुद चलाता था। जीप सागर नाम पर रजिस्टर्ड है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी का परिवार काफी पढ़ा-लिखा और संपन्न है। आरोपी के पिता का अपना स्कूल है और वह स्कूल के प्रिंसिपल हैं। आरोपी के चाचा का भी स्कूल है और वह भी प्रिंसिपल हैं। आरोपी ने खुद MBA की पढ़ाई की हुई है। इसके बावजूद आरोपी किसी और के लिए काम करता था और नशा लाकर आगे सप्लाई करता था।
अधिक जानकारी में
SI ममता मिन्हास ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान उससे पूछताछ कर इस नशे की खेप को लाने वाले मुख्य तस्कर का भी जल्द पर्दाफाश किया जाएगा।
Ludhiana-Police-Arrested-Accused