आरोपी दातर दिखाकर वारदात करते थे, सस्ते में खरीदकर महंगे दामों पर बेचते थे फोन
लुधियाना 10 जुलाई (पारस दानिया) : पंजाब सरकार और पुलिस विभाग द्वारा गैंगस्टर और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत महानगर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।
पुलिस कमिश्नर लुधियाना आईपीएस स्वप्न शर्मा के निर्देशों पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। DCP इन्वेस्टिगेशन हरपाल सिंह और ADCP इन्वेस्टिगेशन अमनदीप सिंह बराड़ के मार्गदर्शन में ACP डिटेक्टिव-1 हर्षप्रीत सिंह की देखरेख में CIA स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर अवतार सिंह व उनकी टीम ने मोबाइल स्नैचिंग गैंग के 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 15 मोबाइल फोन, 1 दातर और 1 मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डीसीपी इन्वेस्टिगेशन हरपाल सिंह और एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन अमनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि 06 जुलाई को CIA स्टाफ की टीम थाना डिवीजन नंबर-8 के इलाके में नाकाबंदी कर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सौरव शर्मा पुत्र सोनी शर्मा, निवासी मकान नंबर 22/12, गली नंबर 14, न्यू गगनदीप कॉलोनी, काकोवाल रोड और सरबजीत सिंह उर्फ साबी पुत्र बलविंदर सिंह, निवासी मकान नंबर 56, गली नंबर 4, बसंत विहार, काकोवाल रोड़ मिलकर भोले-भाले लोगों को दातर दिखाकर मोबाइल फोन छीनने की वारदातें करते हैं।
वारदात के लिए ये प्लेटिना मोटरसाइकिल रंग काला-लाल नंबर PB91U-0648 का इस्तेमाल करते थे। छीने हुए मोबाइल ये आगे मोहम्मद कादिर पुत्र मोहम्मद ताहिर निवासी सरदार दा वेहड़ा, नजदीक बापू लाभ सिंह गुरुद्वारा साहिब, गगनदीप कॉलोनी काकोवाल रोड को सस्ते दामों में बेच देते थे। कादिर आगे गरीब लोगों और प्रवासी मजदूरों को बिना बिल के महंगे दामों पर फोन बेचता था।
सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सीआईए इंचार्ज अवतार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने FIR नंबर 193, धारा 304, 317(2) BNS के तहत थाना डिवीजन नंबर-8 में दर्ज कर तीनों आरोपियों को मोटरसाइकिल सहित काबू किया। इनके पास से 6 मोबाइल फोन और 1 दातर बरामद हुआ।
पूछताछ के बाद 9 जुलाई को आरोपी सौरव शर्मा की निशानदेही पर 7 मोबाइल फोन और बरामद किए गए। पुलिस रिमांड के दौरान मोहम्मद कादिर से 2 मोबाइल फोन और बरामद हुए। इस तरह कुल 15 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
आरोपियों के बारे में अधिक जानकारी
एसीपी डिटेक्टिव हर्षप्रीत सिंह और इंस्पेक्टर अवतार सिंह ने बताया कि आरोपी सौरव शर्मा MV स्कूल से आठवीं पास है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड में एक FIR नंबर 11 दिनांक 31-01-2025, धारा 304(2), 307, 341(2), 238 BNS, थाना जोधेवाल में दर्ज है। दूसरे सरबजीत सिंह उर्फ साबी BA पास, SCD गवर्नमेंट कॉलेज से है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड में एक FIR नंबर 72 दिनांक 17-06-2025, धारा 303(2), 3(5), 317(2) BNS, थाना डिवीजन नंबर-2 में रजिस्टर्ड है। इसके अलावा तीसरा मोहम्मद कादिर MV स्कूल काकोवाल रोड़ से आठवीं पास है।
तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 1 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान उनसे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि स्नैचिंग की अन्य वारदातों और मोबाइल बेचने के नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।