जंडियाला गुरु शहर में दुकानों में लगी आग की घटना में आया चौंकाने वाला मोड़, दुकानों के चौकीदार ने ही लगाई आग, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
Jul9,2026
| Ashwani Sharma | Jandiala Guru
जंडियाला गुरु, 9 जुलाई (अश्वनी शर्मा):
बीते मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे चौड़ा बाजार स्थित ग्रोवर फ्रूट वाले और जैन बर्तन स्टोर की दुकानों में आग लग गई थी, जिससे दोनों दुकानदारों का भारी नुकसान हुआ। शुरुआत में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि आग बिजली की तारों में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी।
लेकिन जंडियाला गुरु पुलिस ने आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला और जांच के दौरान आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाया।
इस संबंध में थाना जंडियाला गुरु के एसएचओ हरपाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुकानों की सुरक्षा के लिए तैनात चौकीदार दुकान के बाहर आग लगाते हुए सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है। इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना जंडियाला गुरु में मामला दर्ज कर लिया गया है।
मामले के जांच अधिकारी एवं चौकी इंचार्ज एसआई गुरपाल सिंह ने बताया कि जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज में चौकीदार निंदर सिंह द्वारा दुकानों के बाहर आग लगाना स्पष्ट रूप से सामने आया है। पुलिस ने आरोपी निंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि चौकीदार ने किसी के कहने पर दुकानों के बाहर आग लगाई थी। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही इस साजिश का खुलासा किया जाएगा ताकि जांच प्रभावित न हो। मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Chowkidar-Fir-Shops-Fir-Jandiala-Guru