राजपुरा/शंभू, 6 जुलाई (सुशील कुमार सिंधी)। शंभू थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को एक देसी पिस्टल और मैगजीन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों पर एसएचओ शंभू के नेतृत्व में पुलिस टीम अंबाला-राजपुरा हाईवे पर गांव मोहम्मदपुर स्थित शंभू बैरियर पर नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान अंबाला की ओर से पैदल आते दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ में एक युवक ने अपनी पहचान गुरविंदर सिंह पुत्र जोगा सिंह निवासी गांव लोपोके, थाना लोपोके, जिला अमृतसर तथा दूसरे ने रविंदरजीत सिंह पुत्र मनजिंदर सिंह निवासी गांव लद्देवाल, थाना घरिंडा, जिला अमृतसर के रूप में करवाई।
तलाशी के दौरान गुरविंदर सिंह के कब्जे से एक देसी पिस्टल तथा रविंदरजीत सिंह के पास से एक मैगजीन बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर थाना शंभू में एफआईआर नंबर 116 दिनांक 5 जुलाई 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए), 27, 54 और 59 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद पिस्टल कहां से लाई गई थी, इसे आगे किसे पहुंचाया जाना था तथा इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।