हमलावर की पहचान, जल्द होगी गिरफ्तारी : पुलिस
बनूर बैरियर पर देर रात करीब 12 बजे फायरिंग की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो सवार एक युवक ने वहां खड़े कुछ युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर 7 से 8 राउंड फायर किए गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
फायरिंग के दौरान बनूर निवासी लवप्रीत सिंह उर्फ काली गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को उसके साथियों और राहगीरों की मदद से तुरंत चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लवप्रीत देर रात काम से वापस लौट रहे थे। बनूर बैरियर के पास अपने साथियों के साथ एक दुकान से सामान खरीदते समय उनकी स्कॉर्पियो सवार युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के बाद युवक ने गुस्से में आकर गोलियां चला दीं, जिसमें लवप्रीत गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना बनूर के एसएचओ अर्शदीप शर्मा ने बताया कि फायरिंग करने वाले आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।