राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़, 28 अप्रैल। पंजाब में पटियाला जिले के शंभू राजपुरा रेलवे ट्रैक पर सोमवार देर रात विस्फोटक रखने के दौरान हुए विस्फोट में मारे गए व्यक्ति की पुलिस ने पहचान कर ली है। मृतक तरनतारन जिले के गांव पंजवड़ के रहने वाले जगरूप सिंह उर्फ जूपा के नाम से पहचाना गया है। पुलिस के अनुसार, जगरूप सिंह ही ट्रैक पर विस्फोटक लगाने पहुंचा था, जिसके फटते ही जगरूप के भी चिथड़े उड़ गए।
जगरूप के शव के टुकड़े करीब 100 मीटर की दायरे में बिखरे मिले। उसके गांव के लोगों ने बताया है कि जगरूप निहंग बाने में रहता था। वह शादीशुदा था, और उसके 2 बेटियां हैं। तरनतारन उपचुनाव के दौरान उसके खिलाफ पोस्टर फाड़ने की एक शिकायत हुई थी। इसके अलावा उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
गांव पंजवड़ से संबंधित कई लोग आतंकी गतिविधियों में शामिल रहे हैं। खालिस्तान कमांडो फोर्स का मुखिया भी इसी गांव का रहने वाला था। पुलिस अब जगरूप की पूरी पृष्ठभूमि खंगाल रही है।
वारदात के बाद जगरूप के गांव में मंगलवार सुबह पांच बजे ही पुलिस पहुंच गई थी। गांव के लोगों ने बताया है कि पुलिस ने जगरूप सिंह के घर की तलाशी ली। इसके बाद उसके भाई को पुलिस अपने साथ ले गई। जगरूप का छोटा भाई चक्की चलाता है। लाेगों ने बताया परिवार का रसूख अच्छा है। पहली बार पता चला है कि उसने ऐसा काम कर दिया। जगरूप ने 5-7 साल पहले निहंग बाना पहनना शुरू किया था। वह दुबई भी होकर आया। हालांकि, उसके किसके साथ कनेक्शन थे, इसकी जानकारी लोगों को नहीं है।
लोग बताते हैं कि जगरूप सिंह खड़ूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह का करीबी रहा है। उसने अमृतपाल के चुनाव में साथ दिया था, उसका प्रचार भी किया था। हालांकि, मां का कहना है कि जगरूप किसी से जुड़ा नहीं था।