- आरोपी भुवनेश चोपड़ा की अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों पर नजर रखने और प्रतिबंध लगाने के लिए रैड नोटिस और लुक-आउट सर्कुलर जारी किया गया था: डीजीपी गौरव यादव
- आरोपी भुवनेश को डिपोर्ट करने के बाद नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर किया गया गिरफ्तार
- इस ऑपरेशन में नवगठित ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रेडिशन सेल ने अहम भूमिका निभाई
चंडीगढ़, 12 मार्चः
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित प्रदेश बनाने के लिए छेड़े गए अभियान के दौरान सीमा पार से चल रहे संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के सक्रिय सहयोग से कई जघन्य अपराधों में शामिल भगोड़े भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष को कानून के दायरे में लाने के लिए मध्य एशियाई देश से निर्वासित करने के बाद सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी आज यहां डायरैक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर गठित आंतरिक सुरक्षा विंग के तहत कार्य करने वाले नव स्थापित ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रेडिशन सेल (ओएफटीईसी) ने इस कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई है।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि आरोपी भुवनेश चोपड़ा की अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों को ट्रैक करने और सीमित करने के लिए रैड नोटिस (रेड कॉर्नर नोटिस) और लुक-आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया था।
उन्होंने कहा, ‘निरंतर अंतरराष्ट्रीय समन्वय के परिणामस्वरूप एक मध्य एशियाई देश में उसके ठिकाने का पता लगाया गया, जिसके बाद उसे (भुवनेश) देश निकाला दे दिया गया और नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।’
जानकारी के अनुसार फिरोजपुर का रहने वाला आरोपी भुवनेश चोपड़ा फिरोजपुर के सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड और नशीले पदार्थों की तस्करी के कई मामलों सहित हाई-प्रोफाइल अपराधों के संबंध में वांछित था। आरोपी के खिलाफ फिरोजपुर, फाजिल्का और पटियाला जिलों में कम से कम नौ मामले दर्ज हैं।
डीजीपी ने कहा कि आरोपी भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष पाकिस्तान से पंजाब में नशीले पदार्थों की तस्करी में सहायता कर रहा था और कानून से बचने के लिए विदेश भागने में सफल हो गया था।
उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी के अलावा चोपड़ा अगस्त 2024 में फिरोजपुर में हुए तिहरे हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता भी था, जिसमें चोपड़ा और दिलदीप सिंह की आपसी रंजिश के चलते दिलदीप सिंह समेत एक युवा लड़की और एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई थी।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि चोपड़ा की गिरफ्तारी से फिरोजपुर और पड़ोसी सीमावर्ती जिलों में आने वाली नशीले पदार्थों की खेपों का लॉजिस्टिक्स नेटवर्क काफी हद तक कमजोर हो जाएगा, जिससे सीमा पार से चल रही नशीले पदार्थों की तस्करी संबंधी गतिविधियों को बड़ा झटका लगेगा।
Jagrati Lahar is an English, Hindi and Punjabi language news paper as well as web portal. Since its launch, Jagrati Lahar has created a niche for itself for true and fast reporting among its readers in India.
Gautam Jalandhari (Editor)