निवेश कार्यक्रम में यूके, जापान और दक्षिण कोरिया पर केंद्रित 89 विशेष सत्र भी शामिल होंगे: संजीव अरोड़ा
अरविंद केजरीवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान कल सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे: संजीव अरोड़ा
चंडीगढ़, 12 मार्च 2026
उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, बिजली तथा स्थानीय निकायों से संबंधित कैबिनेट मंत्री संजिव अरोड़ा ने आज घोषणा की कि प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन 2026 13 से 15 मार्च तक प्लाक्षा यूनिवर्सिटी, एसएएस नगर (मोहाली) में आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन पंजाब को निवेश और नवाचार के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि यह सम्मेलन भारत और विश्व भर के निवेशकों, उद्योगपतियों और नीति निर्माताओं को पंजाब में उपलब्ध व्यापक निवेश अवसरों को प्रदर्शित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए श्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि इस सम्मेलन में कुल 89 सत्र आयोजित किए जाएंगे और यह राज्य में अब तक आयोजित सबसे व्यापक निवेश कार्यक्रमों में से एक होगा।
उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में यूनाइटेड किंगडम, जापान और दक्षिण कोरिया पर केंद्रित विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही एक समर्पित एमएसएमई सत्र भी आयोजित होगा। सेक्टोरल इंडस्ट्री कमेटियों की बैठकों के अलावा उभरते हुए आईटी हब के रूप में मोहाली की भूमिका, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
सम्मेलन के दौरान एक औद्योगिक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें पंजाब के उद्योगों द्वारा तैयार उत्पादों और नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके माध्यम से राज्य की विनिर्माण क्षमता और उद्यमशीलता की भावना को उजागर किया जाएगा।
श्री अरोड़ा ने बताया कि अरविंद केजरीवाल इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान कल सुबह 10:30 बजे सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन सत्र सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चलेगा। इसके बाद दोपहर का भोजन तथा विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम का समापन समारोह 15 मार्च को आयोजित किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए दुनिया भर से प्रतिनिधि और निवेशक पहुंच रहे हैं। हालांकि मध्य पूर्व के कुछ प्रतिभागी उड़ानों में व्यवधान के कारण यात्रा नहीं कर सके हैं, फिर भी आमंत्रित किए गए अधिकांश अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सम्मेलन में शामिल होने की उम्मीद है।
उन्होंने आगे कहा कि यह कार्यक्रम नई औद्योगिक और व्यापार विकास नीति के लॉन्च के बाद पंजाब की अपार संभावनाओं को उजागर करेगा, जिसका देश भर के उद्योगपतियों द्वारा व्यापक स्वागत किया गया है। उन्होंने कहा कि उद्यमी पंजाब सरकार द्वारा प्रस्तुत निवेशक-अनुकूल नीतिगत ढांचे की सराहना कर रहे हैं।
श्री अरोड़ा ने कहा कि इस सम्मेलन के माध्यम से सरकार चाहती है कि उद्योग जगत के बड़े प्रतिनिधि आपस में तालमेल स्थापित करें और भविष्य में निवेश के लिए पंजाब द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे व्यापक अवसरों से अवगत हों।
उन्होंने कहा कि मोहाली तेजी से एक प्रमुख आईटी और नवाचार केंद्र के रूप में उभर रहा है, जिसे मजबूत औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे का समर्थन प्राप्त है।
सतत विकास के प्रति पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करते हुए पर्यावरण-अनुकूल औद्योगिक विकास को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है।
राज्य की अर्थव्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए संजिव अरोड़ा ने कहा कि पंजाब लगातार निवेशकों के लिए पसंदीदा गंतव्य बनकर उभर रहा है और राज्य ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग में अपनी स्थिति को और मजबूत किया है।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के सचिव गुरकीरत किरपाल सिंह, इनवेस्ट पंजाब के सीईओ अमित ढाका तथा पंजाब विकास आयोग की वाईस चेयरमैन सीमा बंसल भी उपस्थित थीं।
Jagrati Lahar is an English, Hindi and Punjabi language news paper as well as web portal. Since its launch, Jagrati Lahar has created a niche for itself for true and fast reporting among its readers in India.
Gautam Jalandhari (Editor)