भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसान घाट जाने निकले किसानों को रोकने की तैयारी, फतेहगढ़ साहिब से रवाना हुए किसान काफिले।
पटियाला/शंभू बॉर्डर, (सुशील कुमार सिंधी)
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली के किसान घाट पर आयोजित होने वाली किसान महारैली से पहले पंजाब-हरियाणा का शंभू बॉर्डर मंगलवार सुबह पूरी तरह बंद कर दिया गया। हरियाणा पुलिस ने सुबह करीब 5:30 बजे दोनों ओर बैरिकेड लगाकर आवाजाही रोक दी।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा पुलिस सोमवार रात से ही बॉर्डर सील करने की तैयारी में जुटी हुई थी। मंगलवार सुबह बैरिकेड लगाकर पंजाब और हरियाणा को जोड़ने वाले शंभू बॉर्डर के दोनों मार्ग पूरी तरह बंद कर दिए गए, ताकि किसानों के काफिलों को दिल्ली की ओर बढ़ने से रोका जा सके।
उधर, देशभर के किसान संगठनों ने भारत-अमेरिका प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में आज दिल्ली के किसान घाट पर एकत्र होने का आह्वान किया है। इसी के तहत पंजाब से भी बड़ी संख्या में किसान दिल्ली कूच के लिए रवाना हुए हैं।
किसान नेताओं के अनुसार, फतेहगढ़ साहिब से सुबह करीब 5 बजे किसानों के बड़े काफिले दिल्ली के लिए रवाना हुए। वहीं, हरियाणा पुलिस द्वारा कई किसान नेताओं को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
शंभू बॉर्डर पर हरियाणा पुलिस की भारी तैनाती की गई है। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनज़र बहुस्तरीय बैरिकेडिंग कर दी है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
फिलहाल शंभू बॉर्डर पर दोनों राज्यों के बीच यातायात पूरी तरह प्रभावित है। प्रशासन लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील कर रहा है, जबकि किसान संगठनों और पुलिस के बीच स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।