पैसे लेने गए फाइनेंसर व उसके पार्टनर पर किया हमला
आरोपियों ने टांग में दो गोलियां मारी-
पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी
लुधियाना 31 जुलाई (पारस दानिया): रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में फायरिंग की घटना सामने आई है। फायरिंग में 2 लोग घायल हो गए। घटना में फाइनेंसर की टांग में दो गोलियां लगी है। उक्त मामले में पुलिस ने 2 नामजद और 2 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित की जानकारी
जानकारी देते वरिंदरपाल सिंह पुत्र महिंदर सिंह, निवासी गांव भिंड सरांव, तहसील जगराओं ने बताया कि वह और उसका दोस्त फाइनेंस का काम करते हैं।जिसके चलते उन्होंने आरोपी गुरजीत सिंह को पैसे दिए थे। उन्होंने ने गुरजीत से 15,00,000 रुपये लेने हैं, जिसे वह वापस नहीं कर रहा था। 27 जुलाई को पैसे मांगने के लिए वरिंदरपाल सिंह अपने दोस्तों के साथ फेज दुगरी गुरजीत सिंह के पास गए। वहां गुरजीत सिंह अपने दोस्त गनदीप सिंह उर्फ गग्गी और 2 अज्ञात नौजवानों के साथ आया।
जहां बातचीत के बाद विवाद बढ़ गया। आरोपियों ने पहले ईंट-पत्थरों से हमला किया। इसके बाद गगनदीप सिंह ने अपने हाथ में पकड़े रिवॉल्वर से 3 फायर किए, जिनमें से 2 गोलियां वरिंदरपाल सिंह की टांगों में लगीं। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। उक्त घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद तुरंत कार्रवाई करते
पुलिस ने पीड़ित के बयान पर थाना दुगरी में FIR नंबर 154, धारा 109, 351(3), 3(5) BNS और 25-54-59 Arms Act के तहत मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों की पहचान गुरजीत सिंह पुत्र नरिंदर सिंह, निवासी CRPFL कॉलोनी, फेज-1, दुगरी और गगनदीप सिंह उर्फ गग्गी, निवासी गांव दुगरी के रूप में है। इसके साथ में 2 अज्ञात व्यक्तियों पर भी केस दर्ज है।
पुलिस का बयान
मामले की जांच कर रहे SI सुखदेव राज ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच रुपये का लेन-देन था। गोली लगने से घायल वरिंदरपाल सिंह और उसके साथी को अस्पताल में इलाज के बाद 29 तारीख को डिस्चार्ज कर दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस रेड कर रही है।