ड्रग तस्कर कर रहे डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल, सरकारें कब होंगी एक कदम आगे : सुखजिंदर रंधावा
Aug12,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Chandigarh
अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से किए जा रहे नशे के सौदे, ड्रोन पहुंचा रहे खेप, मैसेजिंग एप्स से भेज रहे लोकेशन
केंद्र और पंजाब सरकार से की नशा तस्करी के खिलाफ डिजिटल नेटवर्क पर विशेष अभियान चलाने की मांग
पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने नशा तस्करी के बढ़ते डिजिटल नेटवर्क पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज ड्रग तस्कर सोशल मीडिया और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर सरकारों से कई कदम आगे निकल चुके हैं। उन्होंने कहा कि नशे के सौदे अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से किए जा रहे हैं, ड्रग्स की खेप पहुंचाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल हो रहा है और तस्कर मैसेजिंग एप्स के जरिए लोकेशन तथा अन्य जानकारियां साझा कर रहे हैं।
रंधावा ने कहा कि यदि तस्कर तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं और सरकारें अभी भी पुराने तौर-तरीकों पर निर्भर हैं, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे में केवल पारंपरिक तरीकों और बड़े-बड़े दावों के सहारे नशे के खिलाफ लड़ाई नहीं जीती जा सकती। उन्होंने सवाल किया कि जब ड्रग तस्कर तकनीक के जरिए एक कदम आगे बढ़ रहे हैं, तो सरकारें उनसे एक कदम आगे रहने की रणनीति कब बनाएंगी?
रंधावा ने कहा कि सरकारों और सुरक्षा एजेंसियों को भी अपनी रणनीति और तकनीकी क्षमता को समय के साथ बदलना होगा। डिजिटल निगरानी, साइबर इंटेलिजेंस, ड्रोन-विरोधी तकनीक और राज्यों व केंद्रीय एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय को नशे के खिलाफ अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने केंद्र और पंजाब सरकार से मांग की कि नशा तस्करी के डिजिटल नेटवर्क पर विशेष अभियान चलाया जाए और युवाओं को नशे से बचाने के साथ-साथ नशे के कारोबार की नई तकनीकी श्रृंखला को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए ठोस और प्रभावी कार्रवाई की जाए। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल दावे करने से नहीं, बल्कि तस्करों के नेटवर्क को जड़ से तोड़ने, उनके डिजिटल संचार को समझने और नई तकनीक के माध्यम से उन्हें समय रहते पकड़ने से जीती जा सकती है।
-sukhjindersinghrandhawa-drugtrafficking-digitaldrugnetwork-punjabdrugs-cyberintelligence-antidrugcampaign-punjabgovernment-drugfreepunjab