लुधियाना में झुग्गी वासियों पर दहशत बनाने के लिए अवैध हथियार से फायरिंग, नशे में वारदात करते युवकों की वीडियो वायरल
Jul31,2026
| Paras Dania | Ludhiana
पुलिस की वायरल विडियो पर कार्रवाई- 2 नामजद समेत 8-9 लोगों पर FIR, मौके से 5 खोल और 1 जिंदा कारतूस बरामद
लुधियाना 31 जुलाई (पारस दानिया)। शहर में दहशत फैलाने के इरादे से कुछ युवकों द्वारा पब्लिक प्लेस में अवैध हथियारों से सरेआम फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी में यह भी सामने आया कि युवकों द्वारा नशे की हालत में झुग्गी वासियों पर दहशत और दबदबा बनाने के इरादे से फायरिंग की गई है। इस पर पुलिस गहन जांच कर रही है।
मामले की जानकारी
पुलिस को घटना का खुलासा तब हुआ जब 29/30. जुलाई की रात को सिनियर कांस्टेबल जसविंदर सिंह थाना डिवीजन नंबर दो रेंज की पुलिस चौंकी जनकपुरी में ड्यूटी ऑफिसर तैनात थे। तभी सूचना मिली कि चीमा चौंक पुल के नीचे, शराब के ठेके के पास कुछ नौजवानों द्वारा अवैध हथियारों से फायरिंग की जा रही है। इसके बाद पुलिस पार्टी द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो पता चला कि आरोपी अमन, मिट्ठू और 6-7 अज्ञात आरोपियों ने अवैध हथियारों से फायर किए थे। फायरिंग से इलाके में डर और दहशत का माहौल बन गया। इस दौरान पुलिस ने मौके से 5 खोल और 1 जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया। इस पर कार्रवाई करते हुए थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने मामले में FIR नंबर 158, धारा 109(1), 191(3), 190 BNS और 25, 27, 54, 59 Arms Act के तहत मामला दर्ज किया है।
मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर धर्मपाल ने बताया कि फायरिंग करने वालों में अमन और मिट्ठू को नामजद किया गया है, जबकि 6-7 अज्ञात के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
नशे की हालत में की थी फायरिंग
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने नशे की हालत में झुग्गी-झोपड़ी वालों पर दबदबा बनाने के लिए फायरिंग की थी। वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें ट्रेस करने के लिए आगे की जांच की जा रही है।
Crime-News-Ludhiana-Police