राजपुरा नगर कौंसिल में प्रधान पद के चुनाव पर सियासी घमासान, विपक्ष ने लगाए धके शाही के आरोप
Jul2,2026
| Sushil Kumar | Rajpura
रितेश बंसल बने नगर कौंसिल के प्रधान, भाजपा-अकाली दल ने किया प्रदर्शन, कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया का किया बहिष्कार
राजपुरा नगर कौंसिल के प्रधान पद के चुनाव के बाद शहर की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। आम आदमी पार्टी के पार्षद रितेश बंसल को नगर कौंसिल का नया प्रधान चुने जाने के तुरंत बाद कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कड़ा विरोध जताया।
नगर कौंसिल की बैठक में प्रधान, सीनियर उपप्रधान और उपप्रधान का चुनाव कराया गया। कांग्रेस के पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार किया, जबकि शिरोमणि अकाली दल ने आरोप लगाया कि उनके चार पार्षदों को जबरन रोककर रखा गया, जिससे वे बैठक में शामिल नहीं हो सके। दूसरी ओर भाजपा के पार्षद बैठक में पहुंचे, जिसके बाद कांग्रेस ने भाजपा और आम आदमी पार्टी की मिलीभगत का आरोप लगाया।
चुनाव के बाद भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के नेताओं ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपा के हलका प्रभारी जगदीश कुमार जग्गा तथा शिरोमणि अकाली दल के हलका प्रभारी एवं एसजीपीसी सदस्य जत्थेदार सुरजीत सिंह गढ़ी के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौक पर करीब दो से तीन घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बिना स्पष्ट बहुमत के प्रधान का चुनाव कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया की अनदेखी की गई है।
विपक्षी नेताओं का कहना था कि राजपुरा नगर कौंसिल में कुल 31 पार्षद हैं, जबकि दो विधायकों के मत भी चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा होते हैं। उनके अनुसार आम आदमी पार्टी ने नगर कौंसिल चुनाव में केवल सात सीटें जीती थीं और बाद में दो निर्दलीय पार्षदों का समर्थन मिला। इसके बावजूद प्रधान पद का चुनाव किस आधार पर कराया गया, यह जांच का विषय है।
हालांकि राजपुरा की विधायक नीना मित्तल ने दावा किया कि भाजपा के दो पार्षदों ने भी आम आदमी पार्टी का समर्थन किया, जिससे आवश्यक समर्थन प्राप्त हो गया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया और प्रदर्शन स्थल पर कोई वरिष्ठ अधिकारी भी नहीं पहुंचा। इसके बाद नेताओं ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी पार्टी हाईकमान को भेज दी गई है और आगे की रणनीति उसी के निर्देशानुसार तय की जाएगी।
भाजपा के हलका प्रभारी जगदीश कुमार जग्गा ने बताया कि नगर कौंसिल प्रधान पद के चुनाव को चुनौती देते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का रुख किया गया है। अब इस मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्णय पर निर्भर करेगी।
Rajpura-News