ट्रेड डील के खिलाफ बीकेयू चढूनी ने किया शांतिपूर्ण प्रदर्शन
Jun23,2026
| Shiv Punjabi | Ludhiana
ट्रेड डील किसानों समेत हर वर्ग के लिए घातक साबित होगी : सागर, अरोड़ा
लुधियाना, 23 जून (शिव पंजाबी)
भारत और अमेरिका के बीच हो रही ट्रेड डील के विरोध में भारतीय किसान यूनियन चढूनी के नेताओं ने टिब्बा रोड मेन चौक पर हाथों में ट्रेड डील विरोधी तख्तियां लेकर शांतिपूर्ण रोष प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखे सवाल उठाए।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे यूनियन के जनरल सेक्रेटरी पंजाब जगजीत सिंह अरोड़ा, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पंजाब रोशन सिंह सागर, कैप्टन कुलवंत सिंह वाइस प्रेसिडेंट पंजाब, जिला प्रधान मलकीत सिंह वालिया, जिला जनरल सेक्रेटरी इंद्रजीत सिंह जस्सल आदि ने कहा कि यह ट्रेड डील देश के किसानों ही नहीं बल्कि हर वर्ग के व्यापारियों के हितों को नुकसान पहुंचाएगी।
नेताओं ने कहा कि एक तरफ अमेरिका भारतीय बाजारों का सामान अमेरिका पहुंचने पर मोटा टैक्स वसूल कर रहा है, जबकि दूसरी तरफ केंद्र की मोदी सरकार अमेरिका को टैक्स फ्री व्यापार करने का न्योता दे रही है। उन्होंने कहा कि देश का किसान पहले ही इतने ज्यादा कर्ज के बोझ तले दबा है कि आए दिन खुदकुशी करने को मजबूर है, वहीं दूसरी तरफ सरकारें राहत देने के बजाय ऐसी ट्रेड डीलों से दोहरी मार झेलनी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार भूल रही है कि पहले भी कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाबियों समेत देशवासियों ने बड़ा आंदोलन छेड़ा था और केंद्र को मुंह की खानी पड़ी थी।
उन्होंने चेतावनी दी कि देशहित में इस समझौते को जल्द से जल्द रद्द किया जाए। नहीं तो एक बार फिर से बड़े आंदोलन उठ सकते हैं, जिसकी जिम्मेदारी केंद्र की भाजपा सरकार की होगी।
इस मौके पर जिला मीत प्रधान दलविंदर सिंह घुम्मण, बलविंदर सिंह राठौर, हलका गिल के प्रधान गुरसेवक सिंह सरपंच, करनैल गिल, राकेश कल्याण, मीत प्रधान साहनेवाल, दविंदरजीत सिंह, गुरदित्त सिंह, अरुण शर्मा, हर्ष मल्होत्रा, हरजोत सिंह, गिरीश आहूजा समेत बड़ी संख्या में अन्य नेता और साथी मौजूद थे।
Trade-Deal-Bku-Chaduni-Protest