* प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर नारे लगाए, कड़ी सुरक्षा के बीच सौंपा ज्ञापन - कमिश्नर ने जल्द कार्रवाई का दिया भरोसा*
*लुधियाना, 23 जून (पारस दानिया) :* फ्रेंड्स रीजेंसी के बाहर शिवसेना पंजाब के चेयरमैन राजीव टंडन के काफिले पर हुए हमले के विरोध में मंगलवार को शिवसेना कार्यकर्ताओं और नेताओं ने लुधियाना पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर जमकर रोष प्रदर्शन किया। पंजाब भर से शिव सैनिक व अन्य समाजसेवक एवं हिंदु नेताओं ने बड़े पैमाने पर एकत्रित होकर अपनी एकता का सबूत दिया। प्रदर्शनकारियों ने हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पहले सभी प्रदर्शनकारी राजीव टंडन के कार्यालय में उपस्थित हुए। उसके बाद सीपी कार्यालय तक रोष मार्च निकाला गया।
सुबह से ही बड़ी संख्या में शिवसैनिक हाथों में तख्तियां और शिवसेना के झंडे लेकर कमिश्नर कार्यालय के बाहर जमा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने "पंजाब में गुंडाराज नहीं चलेगा", माहौल खराब करने वालों पर शिकंजा कसो", "शिवसेना जिंदाबाद" के नारे लगाए। कुछ कार्यकर्ताओं ने हमले में इस्तेमाल हुई गाड़ी की तस्वीरों वाले पोस्टर भी हाथों में लिए हुए थे।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सोमवार 22 जून को फ्रेंड्स रीजेंसी के बाहर निहंग सिंहों की भीड़ द्वारा राजीव टंडन के काफिले पर किया गया हमला सिर्फ एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला है।
शिवसेना नेता *रितेश राजा* ने प्रदर्शन के दौरान कहा, "यह सरेआम धक्केशाही और बदमाशी है। अगर एक राजनीतिक दल के प्रदेश चेयरमैन ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी का क्या होगा? पुलिस ने अब तक सिर्फ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि हमले में दर्जनों लोग शामिल थे। हम मांग करते हैं कि सभी दोषियों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।"
राजा ने यह भी कहा कि वह पिछले 7 साल से गुरुद्वारा साहिब जाते रहे हैं, लेकिन अब पंजाब में इस तरह की कट्टरता देखकर डर लगने लगा है। उन्होंने प्रशासन से शिवसेना नेताओं की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
*पुलिस कमिश्नरेट ने दिया आश्वासन*
तनाव को देखते हुए कमिश्नर कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कुछ देर नारेबाजी के बाद शिवसेना नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस कमिश्नर से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। पुलिस ने हर उचित जांच और कार्यवाही का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करीब 2 घंटे तक चला। पुलिस के आश्वासन के बाद शिवसैनिक शांतिपूर्वक तितर-बितर हो गए। पुलिस ने शहर में शांति बनाए रखने की अपील की है।