विधानसभा उत्तरी के वार्ड-1 स्थित मनजीत विहार में जनता दरबार का आयोजन किया गया, जहां विधायक चौ. मदन लाल बग्गा ने स्वयं उपस्थित होकर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी अपनी-अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे और सीधे विधायक के समक्ष अपनी बात रखी।
जनता दरबार के दौरान विधायक बग्गा ने अधिकतर समस्याओं का समाधान मौके पर ही करवा दिया, जिससे लोगों में संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में पार्षद अमन बग्गा सहित नगर निगम, पुलिस, बिजली विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
विधायक बग्गा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने पानी की सप्लाई, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, बिजली और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं उठाईं। कई मामलों में अधिकारियों ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए समाधान सुनिश्चित किया।
विधायक बग्गा ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका तुरंत समाधान करना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।