:भारतीय जनता पार्टी ने आज श्री अमृतसर साहिब में राज्य स्तरीय धरना देकर डीएम गगनदीप सिंह रंधावा के परिवार के लिए न्याय की गुहार लगाते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई। रोष प्रदर्शन का नेतृत्व पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने किया। उनके साथ राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा , रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू सहित पूरी नेतृत्व भाजपा टीम मौजूद थी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि पार्टी यह आंदोलन तब तक जारी रखेगी जब तक परिवार को न्याय नहीं मिल जाता। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि न्याय की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि गगनदीप सिंह रंधावा के साथ जो हुआ, वह किसी के साथ भी हो सकता है, इसलिए हर पंजाबी इस लड़ाई का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को, जिनमें मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर भी शामिल हैं को सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने सरकार के भारी दबाव के बावजूद डटे रहने के लिए परिवार के साहस को सलाम किया। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने परिवार की बिजली काटी थी, उसकी पुलिस हिरासत में मौत ने मामले को और पेचीदा बना दिया है और सच्चाई सामने लाने के लिए केवल सीबीआई जांच ही एकमात्र रास्ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी मंत्री द्वारा कथित रूप से वसूली के जरिए इकट्ठा किया गया पैसा कहां भेजा जा रहा था, यह भी जांच में सामने आना चाहिए।
जाखड़ ने आगे कहा कि तरनतारन जिले की एक महिला से जुड़े एक अन्य मारपीट के मामले में आप विधायक को समझौते के जरिए बचा लिया गया और सरकार इस मामले में भी ऐसा ही करने की कोशिश कर रही है। लेकिन उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग इसे कभी नहीं होने देंगे।
जाखड़ ने कहा कि पार्टी गगनदीप रंधावा मामले में न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर मोर्चे पर लड़ेगी और सभी सांसदों और विधायकों से अपील करेगी कि वे सीबीआई जांच की मांग करते हुए पत्र लिखें। इस अवसर पर अन्यों के अतिरिक्त जिला भाजपा अध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू, डॉ राम चावला, हरजिंदर सिंह ठेकेदार, प्रिंसिपल रमा महाजन, मानव तनेजा,मोहित महाजन,सुशील शर्मा, श्रीमती नोरीन महाजन,सुखविंदर सिंह पिंटू,विनोद खन्ना,सतपाल डोगरा, ज्योति प्रकाश सहित संकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।