वड़िंग द्वारा शहीदी मेलों के दौरान सियासी कांफ्रेंस करने पर श्री अकाल तख़्त साहिब से स्पष्टीकरण की मांग
Jan14,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Chandigarh
आप, अकाली दल और भाजपा द्वारा की गई सियासी कांफ्रेंसों पर श्री अकाल तख़्त साहिब संज्ञान लें: वड़िंग
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आज जत्थेदार श्री अकाल तख़्त साहिब से अपील की है कि श्री फ़तेहगढ़ साहिब और श्री मुक्तसर साहिब के शहीदी मेलों के दौरान राजनीतिक पार्टियों द्वारा सियासी कांफ्रेंस करने के मुद्दे पर स्पष्टता प्रदान की जाए।
यहां जारी एक बयान में, वड़िंग ने कहा है कि दिसंबर 2017 में तत्कालीन जत्थेदार श्री अकाल तख़्त साहिब ज्ञानी गुरबचन सिंह जी ने राजनीतिक पार्टियों से ऐसे गंभीर और पवित्र धार्मिक अवसरों पर सियासी कांफ्रेंस न करने की अपील की थी।
उन्होंने सवाल उठाया है कि फिर आज श्री मुक्तसर साहिब के माघी मेले के दौरान सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी, शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी ने सियासी कांफ्रेंस कैसे कीं? उन्होंने सवाल किया है कि क्या श्री अकाल तख़्त साहिब इस मामले में कोई कार्रवाई करेंगे?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि श्री अकाल तख़्त साहिब के निर्देशों का पूरा सम्मान करते हुए, कांग्रेस पार्टी ने वर्ष 2017 के बाद से कोई भी सियासी कांफ्रेंस नहीं की है।
वड़िंग ने ज़ोर देते हुए कहा है कि श्री अकाल तख़्त साहिब के आदेशों का सभी पक्षों द्वारा सम्मान किया जाना चाहिए। ऐसे में उन्हें उम्मीद है कि जत्थेदार श्री अकाल तख़्त साहिब इस मामले पर संज्ञान लेंगे।
Powered by Froala Editor
-Punjab-Pradesh-Congress-Committee-President-Amarinder-Singh-Raja-Warring-