अमृतसर के अधूरे पड़े फ्लाईओवर प्रोजेक्ट्स एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर गूंजे जब सांसद गुरजीत सिंह औजला ने लोकसभा में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से सीधे सवाल किया। औजला ने कहा कि अमृतसर को दिए गए बड़े-बड़े हाईवे प्रोजेक्ट्स का ग्राउंड पर लगभग शून्य कार्य हो रहा है, जबकि जनता रोज़ाना भारी ट्रैफिक संकट व असुविधा झेल रही है।शहर के तीन अहम फ्लाईओवर—बाबा बकाला का 6 लेन फ्लाईओवर, वल्ला का 6 लेन फ्लाईओवर व लोहारका रोड फ्लाईओवर—काफी समय से अधूरे पड़े हैं। औजला ने बताया कि काम लंबे समय से पूरी तरह रुका हुआ है और प्रशासनिक उदासीनता के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। सांसद औजला ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि दबुर्जी और गोल्डन गेट फ्लाईओवर के निर्माण में भारी अनियमितताएँ और करप्शन हुआ है। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण के दौरान ही उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई थी कि संरचना कमजोर है और भविष्य में हादसे का कारण बन सकती है—और अब वही पुल गिरने की कगार पर खड़े नजर आ रहे हैं। उन्होंने चेताया कि यह ना सिर्फ लापरवाही का मामला है, बल्कि हजारों लोगों की जान जोखिम में डालने जैसा है। औजला ने आगे कहा कि जिन फ्लाईओवरों का निर्माण जारी है, उनमें बुनियादी ढांचे का भी ख्याल नहीं रखा गया। सर्विस लेन तक नहीं बनाई गई, जबकि प्रोजेक्ट डायरेक्टर को कई बार यह मुद्दा उठाया गया, लेकिन उन्होंने कभी ध्यान नहीं दिया। सांसद ने कहा कि यह सब मिलकर भ्रष्टाचार और व्यवस्थागत ढिलाई की ओर इशारा करता है। लोकसभा में मंत्री नितिन गडकरी से सवाल करते हुए औजला ने मांग की कि अमृतसर के सभी रुके हुए प्रोजेक्ट्स की एक उच्चस्तरीय जांच कमेटी गठित की जाए। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जाना बेहद जरूरी है कि काम क्यों रुके, किस स्तर पर करप्शन हुआ कौन कौन से अधिकारी बार-बार शिकायतों को अनसुना कर रहे है। इसकी उच्चस्तरीय जांच करवाई जानी चाहिए।
Mp-Gurjeet-Singh-Aujla-Amritsar
Jagrati Lahar is an English, Hindi and Punjabi language news paper as well as web portal. Since its launch, Jagrati Lahar has created a niche for itself for true and fast reporting among its readers in India.
Gautam Jalandhari (Editor)