रवनीत बिट्टू माफी मांगें, नहीं तो लोग सबक सिखाएंगे : डॉ. बलबीर सिंह
May20,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Patiala
-केंद्रीय एजेंसियों और डीप स्टेट द्वारा पंजाब में अफरा-तफरी का माहौल बनाने की साजिश : डॉ. बलबीर सिंह
-भाजपा अपने शासित राज्यों राजस्थान और गुजरात में पंजाब जैसे 10 अस्पताल ही गिनाकर दिखाए : स्वास्थ्य मंत्री
पटियाला, 20 मई 2026 : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर तीखा हमला करते हुए उन्हें माफी मांगने की नसीहत दी और कहा कि पंजाब के लोग बिट्टू समेत भाजपा को सबक सिखाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने आज यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि बिट्टू ने धूरी सब-डिवीजन अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती एक भाजपा नेता का हालचाल पूछने के दौरान एक तरफ अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की प्रशंसा की, जबकि दूसरी तरफ अपने “डर्टी पिक्स डिपार्टमेंट” के जरिए अस्पताल में कुत्तों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर डाल दीं। उन्होंने कहा कि इस ओछी हरकत ने भाजपा नेता की संकीर्ण सोच और दोहरे चरित्र को उजागर कर दिया है।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री एक तरफ एनजीओ सर्व भारतीय सेवा समिति द्वारा धूरी अस्पताल के साथ मिलकर मरीजों के लिए चलाए जा रहे लंगर प्रबंधों की सराहना करते हुए बता रहे हैं कि यहां 600 मरीजों की ओपीडी है, वहीं दूसरी तरफ अस्पताल में कुत्तों की तस्वीरें दिखाकर यह कह रहे हैं कि यहां मरीज आते ही नहीं। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि रवनीत बिट्टू कहते कुछ हैं और करते कुछ हैं, और पंजाब के लोग ऐसे दोहरे चरित्र वाले नेताओं को जरूर जवाब देंगे।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने धूरी सब-डिवीजन अस्पताल को इतना शानदार बना दिया है कि वहां आम लोगों के साथ-साथ भाजपा नेता भी इलाज करवाने पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित गुजरात और राजस्थान जैसे राज्यों में भी इतने अच्छे सब-डिवीजन अस्पताल नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भुज के सरकारी अस्पताल का दौरा कर चुके हैं, जहां मरीजों को बुखार की गोली तक नहीं मिलती, बाकी इलाज की बात तो दूर है।
स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा नेता को चुनौती दी कि वे अपनी पार्टी के शासन वाले राज्यों में पंजाब जैसे 10 अस्पताल ही दिखा दें। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पंजाब में ईडी, सीबीआई और आईटी विंग के जरिए अफरा-तफरी का माहौल बनाने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि एक तरफ राजस्थान और गुजरात की सीमाओं पर केंद्रीय एजेंसियां काम कर रही हैं, लेकिन पंजाब की सीमाओं की सुरक्षा करने में वे विफल साबित हो रही हैं और पंजाब की युवापीढ़ी को बर्बाद करने के लिए सीमा पार से नशा और हथियार भेजे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस समय पंजाब का माहौल खराब करने के लिए डीप स्टेट पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है, लेकिन पंजाब के लोग भाजपा की कार्रवाइयों का मुंहतोड़ जवाब देंगे।
डॉ. बलबीर सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पंजाब का ग्रामीण विकास फंड रोक दिया, गरीबों की रोजी-रोटी छीनकर मनरेगा बंद कर दी और गांवों में ग्राम सभा के अधिकार खत्म कर दिए। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा व्यवस्था का बुरा हाल कर दिया गया है और नीट पेपर लीक का किंगपिन भी इन्हीं का अपना है तथा भाजपा माफिया को संरक्षण दे रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा किसान और पंजाब विरोधी कानून फिर से लागू करना चाहती है, भाखड़ा और पानी पंजाब से छीना जा रहा है और अगर इनके बस चले तो ये जन गण मन राष्ट्रगान से भी पंजाब का नाम हटा दें।इस मौके पर आप के जिला देहाती प्रधान हरपाल सिंह विरक, जसबीर सिंह गांधी, सुरेश राय तथा अन्य नेता भी मौजूद थे।
Dr-Balbir-Singh-Demands-Apology-From-Ravneet-Bittu-Warns-People-Will-Teach-Bjp-A-Lesson