: डॉ. कोटनीस एक्यूपंक्चर अस्पताल के 51वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होगा चीन का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल
Nov4,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Ludhiana
6 नवंबर को लुधियाना में होगा भव्य समारोह, पंजाब सरकार के दो कैबिनेट मंत्री, विधायक और शाही इमाम पंजाब भी करेंगे शिरकत -- समारोह से पूर्व सुबह के समय सलेम टाबरी स्थित हॉस्पिटल का भी करेंगे दौरा
लुधियाना, 4 नवंबर। डॉ. द्वारका नाथ कोटनीस एक्यूपंक्चर अस्पताल एवं एजुकेशन सेंटर, लुधियाना की स्थापना के 51 वर्ष पूरे होने पर 6 नवंबर को विशेष समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर भारत में चीन के चिकित्सा मिशन के 88वें वर्ष की स्मृति भी मनाई जाएगी। समारोह में चीन का उच्चस्तरीय राजनयिक प्रतिनिधिमंडल विशेष रूप से शामिल होगा।
अस्पताल के निदेशक डॉ. इंदरजीत सिंह, महासचिव सरदार इकबाल सिंह गिल आईपीएस, सरदार जसवंत सिंह छापा के अनुसार समारोह शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक होटल महाराजा प्लाजो, दुगरी रोड, लुधियाना में आयोजित होगा।
इस अवसर पर भारत में चीन के राजदूत महामहिम श्री शू फेइहोंग के मार्गदर्शन में चीन का प्रतिनिधिमंडल पंजाब पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मंत्री काउंसलर श्री वांग शिनमिंग करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में श्री झांग हाइलिन, फर्स्ट सेक्रेटरी, जो राजनीतिक, प्रेस एवं जन कूटनीति तथा सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक मामलों से जुड़े हैं; श्री गाओ फेंग, थर्ड सेक्रेटरी, जो कांसुलर, पर्यटन एवं वीजा संबंधी कार्य देखते हैं; श्री वांग शिनमिंग, मंत्री काउंसलर तथा श्री वांग चांगये, सेकंड सेक्रेटरी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग शामिल हैं। श्री वांग चांगये सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विरासत से जुड़े मामलों को भी देखते हैं।
समारोह में पंजाब सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री सरदार गुरमीत सिंह खुड्डियां और सरदार तरुणप्रीत सिंह सौंध विशेष रूप से शामिल होंगे। कार्यक्रम में हलका आत्म नगर के विधायक कुलवंत सिंह सिद्धु, लुधियाना नॉर्थ के विधायक मदन लाल बग्गा, विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल, विधायक रजिंदर पाल कौर छीना तथा शाही इमाम पंजाब मौलाना उस्मान लुधियानवी, भाई साहेब दविंदर सूद जी सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी समारोह में उपस्थित रहेंगे। इससे पहले चीनी प्रतनिधिमण्डल द्वारा सुबह 9 बजे से 11 बजे तक कोटनीस हॉस्पिटल का भी दौरा किया जाएगा.
इस ऐतिहासिक आयोजन का उद्देश्य डॉ. द्वारका नाथ कोटनीस के चिकित्सा एवं मानवता के क्षेत्र में योगदान को याद करना और भारत-चीन के बीच चिकित्सा, सांस्कृतिक तथा शैक्षणिक संबंधों को और मजबूत करना है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. कोटनीस का चीन के साथ ऐतिहासिक संबंध भारत के चिकित्सा मिशन से जुड़ा है। वर्ष 1938 से 1942 के दौरान चीन में भारतीय चिकित्सा मिशन ने मानवीय सेवा का उल्लेखनीय उदाहरण प्रस्तुत किया था। इसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए लुधियाना का यह संस्थान पिछले 51 वर्षों से एक्यूपंक्चर, पारंपरिक चिकित्सा, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा है।
Dr-Kotnis-Acupuncture-Hospital-51st-Foundation-Day-Celebration-Chinese-Diplomatic-Delegation-India-china-Medical-Relations-Ludhiana-News