हिसार (पवनशर्मा) हिसार पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करों एवं शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक हिसार के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में स्वेट कमांडो टीम-1 एवं डॉग स्क्वाड टीम द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए थाना उकलाना क्षेत्र के गांव किनाला में सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आरोपी चांदी राम पुत्र छबीलदास निवासी गांव किनाला के घर पर तलाशी ली गई, जहां से 48 बोतल अवैध देशी ठेका शराब बरामद की गई।
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना उकलाना में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि अवैध शराब के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला तथा इस कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे में गहन पूछताछ की जा सके।
पुलिस अधीक्षक हिसार ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की तस्करी एवं कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। समाज को नशामुक्त बनाने के लिए हिसार पुलिस पूरी दृढ़ता के साथ कार्य कर रही है। अवैध शराब बेचने, संग्रह करने अथवा इसकी तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा ऐसे अपराधियों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
हिसार पुलिस आमजन से अपील करती है कि अवैध शराब, नशा तस्करी अथवा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।