गिरफ्तार आरोपियों का चौथा साथी नामजद
*लुधियाना 8 जून (पारस दानिया) :* रखबाग इलाके में DMC अस्पताल जाते समय अमन शर्मा नामक युवक से हथियार दिखाकर बाइक लूटने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को थाना डिवीजन नंबर-8 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई काली स्प्लेंडर बाइक, एक अन्य बाइक और वारदात में इस्तेमाल 2 लोहे के दातर बरामद किए हैं। चौथा आरोपी फरार है, उसकी तलाश जारी है।
संबंधित जानकारी देते एसीपी सिविल लाइन सरबजीत सिंह PPS ने बताया कि थाना डिवीजन आठ पुलिस को शिकायत अमृतसर के बटाला रोड़ पर मोहल्ला प्रीत नगर के रहने वाले अमन शर्मा पुत्र मंगत राम शर्मा हाल वासी सिविल लाइन, लुधियाना ने दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 7 जून को वह अपने दोस्त साहिबाज सिंह के साथ मोटरसाइकिल नंबर PB02BY2490 काली स्प्लेंडर पर DMC अस्पताल जा रहा था। जब वे रखबाग, लुधियाना के पास पहुंचे तो अज्ञात लुटेरों ने दात-लोहा से हमला कर उस पर वार किया और उसकी बाइक PB02BY2490 छीनकर फरार हो गए। इस शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर-8 में मुकदमा नंबर 165, अंडर सेक्शन धारा 309(4), 35, 115(2), 118(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। इस पर कार्रवाई करते हुए SHO इंस्पेक्टर अमृतपाल शर्मा की टीम ने जांच शुरू की। 8 जून को मुखबिर खास की सूचना पर पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों *अकाश कुमार उर्फ ईशू, रोहन कुमार, करण उर्फ मोटा और तीर्थ सिंह* में से 3 को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में करण उर्फ मोटा पुत्र सुखराज सिंह, निवासी गली नंबर-5, न्यू नेशनल कॉलोनी, टिब्बा रोड, तीर्थ सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह, निवासी मकान नंबर 2238/3, इस्लामगंज और अकाश कुमार उर्फ ईशू पुत्र नाथी राम, निवासी गली नंबर-4, न्यू पुनीत नगर, टिब्बा रोड को काबू किया गया। चौथा आरोपी *रोहन कुमार* पुत्र अर्जन कुमार, निवासी गांव कक्का ढोला, महादेव विंस सिटी कॉलोनी, लुधियाना अभी फरार है।
आरोपियों के संबंध में अहम जानकारी देते एसएचओ अमृतपाल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों से दो लोहे के दातर, लूट की गई मोटरसाइकिल PB02BY2490 काली स्प्लेंडर और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल PB-10-KC-9442 स्प्लेंडर बरामद किया है। तीनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान गहन पूछताछ जारी है ताकि पता लगाया जा सके कि इनके गिरोह में और कौन-कौन शामिल है और इन्होंने शहर में और कितनी लूट की वारदातें की हैं। वहीं गिरफ्तार आरोपियों से खुलासा हुआ कि आरोपी लुधियाना शहर में भोले-भाले लोगों को हथियार दिखाकर डरा-धमकाकर लूट की वारदातें करते थे। पुलिस फरार आरोपी रोहन कुमार की तलाश कर रही है।