गुलजार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में एचआईवी/एड्स एवं नशा मुक्ति को लेकर विशेष जागरूकता अभियान आयोजित
Oct14,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Khanna (ludhiana)
डिस्ट्रिक्ट एड्स प्रिवेंशन एंड कंट्रोल यूनिट (District AIDS Prevention and Control Unit), लुधियाना द्वारा पंजाब स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी तथा मिनिस्ट्री ऑफ हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर के सहयोग से गुलजार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, लिबड़ा, खन्ना, जिला लुधियाना में युवाओं को एचआईवी/एड्स तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान में डॉ. इंदरजीत सिंह, डॉ. के. एल. त्रनामनी, मनीष ठाकुर, प्रोजेक्ट ऑफिसर, मनप्रीत सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर, टी.आई. प्रोजेक्ट फॉर कंपोजिट, खन्ना, मिस मनीषा, ओडीआईसी इंचार्ज, लुधियाना, सरदार जसवंत सिंह छापा, प्रधान, सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट, लुधियाना तथा गुलजार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के प्रिंसिपल डॉ. संदीप सिंह, मिस अमनप्रीत (एचओडी) और मिस्टर हिलाल (एचओडी) सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स क्या है, यह कैसे फैलता है तथा इससे बचाव के लिए किन सावधानियों को अपनाना चाहिए, इसके बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने, नशे के दुष्प्रभावों को समझने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर डॉ. इंदरजीत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और उसे नशे जैसी गंभीर सामाजिक समस्या से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एचआईवी/एड्स के प्रति सही जानकारी, जागरूकता और सुरक्षित व्यवहार अपनाकर इसके प्रसार को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें, अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग बनें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उचित चिकित्सकीय परामर्श लें। मनीष ठाकुर, प्रोजेक्ट ऑफिसर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एचआईवी/एड्स के संबंध में समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना और युवाओं तक सही जानकारी पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने एचआईवी संक्रमण से बचाव, समय पर जांच, सुरक्षित व्यवहार और स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर तथा सही जीवनशैली अपनाकर युवा अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकते हैं। सरदार जसवंत सिंह छापा, प्रधान, सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट, लुधियाना ने अपने संबोधन में कहा कि धर्म हमें मानवता, सेवा, प्रेम, सद्भाव और अच्छे कर्मों का मार्ग दिखाता है। सभी धर्मों में नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने और अपने जीवन को अच्छे कार्यों में लगाने की प्रेरणा दी गई है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपने माता-पिता, गुरुजनों और बड़ों का सम्मान करना चाहिए तथा अपने जीवन में अच्छे संस्कारों को अपनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर अपने परिवार का नाम रोशन करें और समाज की भलाई के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना, लोगों को सही रास्ता दिखाना और समाज में जागरूकता फैलाना मानवता की सच्ची सेवा है। कार्यक्रम के दौरान मालवा रंगमंच, खन्ना की ओर से गुरमीत चीमा के नेतृत्व में एचआईवी/एड्स जागरूकता पर आधारित एक नाटक भी प्रस्तुत किया गया। इस नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स से संबंधित सही जानकारी, बचाव के उपायों तथा समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में गुलजार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के प्रिंसिपल डॉ. संदीप सिंह तथा सभी विभागाध्यक्षों (एचओडी) द्वारा डॉ. इंदरजीत सिंह को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स की रोकथाम, नशे के दुष्प्रभावों तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। अभियान के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और स्वयं जागरूक बनकर दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया।
-gulzargroupofinstitutes-hivaidsawareness-drugdeaddiction-youthawareness-drugfreepunjab